साप्ताहिक समीक्षा : लगातार दूसरे सप्ताह बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

0
8

नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। बजट वाले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजार बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। ये लगातार दूसरा सप्ताह है, जब शेयर बाजार ने तेजी के साथ अपने साप्ताहिक कारोबार का अंत किया है। माना जा रहा है कि बाजार में घरेलू संस्थागत निवेशकों द्वारा लगातार जारी खरीदारी, विदेशी संस्थागत निवेशकों की बाजार में वापसी और अमेरिका के साथ ट्रेड डील के ऐलान की वजह से शेयर बाजार में सकारात्मक रुख बना रहा। हालांकि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली के कारण इन्वेस्टर्स के सेंटीमेंट पर कुछ असर जरूर पड़ा।

रविवार का दिन होने के बावजूद बजट होने की वजह से एक फरवरी से शुरू हुए छह दिन के इस कारोबारी सप्ताह में बीएसई का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 1,310.62 अंक यानी 1.59 प्रतिशत की उछाल के साथ 83,580.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई के निफ्टी ने रविवार से शुक्रवार तक हुए छह दिन के कारोबार के बाद साप्ताहिक आधार पर 373.05 अंक यानी 1.47 प्रतिशत की साप्ताहिक मजबूती के साथ 25,693.70 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।

शुक्रवार को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान बीएसई का लार्जकैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस, अदानी पावर, पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया, अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, अदानी ग्रीन एनर्जी, वारी एनर्जीज और अदानी इंटरप्राइजेज के शेयर में 10 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, वरुण बेवरेजेज, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, इंफोसिस, मीशो, मझगांव डॉक शिपबिल्डर और इन्फो एज इंडिया के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

मिडकैप इंडेक्स भी साप्ताहिक आधार पर 1.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इस इंडेक्स में शामिल बालकृष्ण इंडस्टरीज, हिताची एनर्जी इंडिया, आरती इंडस्ट्रीज, लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी, एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स, गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स, क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल, वर्लपूल ऑफ इंडिया, स्कॉर्ट्स कुबोटा केईआई इंडस्ट्रीज, हेक्साकॉम, डिक्सन टेक्नोलॉजीज और एमआरएफ के शेयरों में 10 प्रतिशत से लेकर 18 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर भारत डायनॉमिक्स, केपीआईटी टेक्नोलॉजीज, पीबी फिनटेक, रेल विकास निगम, हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज और कोचीन शिपयार्ड के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

रविवार से शुक्रवार तक हुए कारोबार के बाद बीएसई का स्मॉल कैप इंडेक्स 1.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इस इंडेक्स में शामिल गरवारे हाईटेक फिल्म्स, इंडो काउंट इंडस्ट्रीज, वीटीएम, गोकलदास एक्सपोर्ट्स, काबरा एक्सट्रूजन टेक्निक, यूनाइटेड फूड्स ब्रांड्स, नेल कास्ट, अवंती फीड्स, एडीएफ फूड्स इंडस्ट्रीज, सिंधु ट्रेड लिंक्स, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज, क्वालिटी पावर इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट्स, स्टील कास्ट, सिगाची इंडस्ट्रीज, काईटेक्स गारमेंट्स, श्री अधिकारी ब्रदर्स टेलीविजन, अवलॉन टेक्नोलॉजी, सुवेन लाइफ साइंसेज, जीएनए एक्सल्स और पोकरना के शेयर साप्ताहिक आधार पर 20 प्रतिशत तक उछल गए। दूसरी ओर, ऐरिस इंफ्रा सॉल्यूशंस, वेबसोल एनर्जी सिस्टम्स, इंडो फार्म इक्विपमेंट, कामत होटल्स (इंडिया), इंटेलेक्ट डिजाइन अरेना, आईरिस रेगटेक सॉल्यूशंस, हिंदुस्तान कॉपर, ट्रांस इंडिया रियल एस्टेट, गार्डन रिच शिप बिल्डर्स एंड इंजिनियर्स, जाइडस वेलनेस और जुआरी एग्रोकेमिकल्स के शेयर साप्ताहिक आधार पर 13 प्रतिशत से लेकर 23 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल फ्रंट पर देखें तो निफ्टी के रियल्टी सेक्टर, निफ्टी के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, निफ्टी के एनर्जी सेक्टर और निफ्टी के ऑयल एंड गैस सेक्टर में तीन से पांच प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। हालांकि, निफ्टी के आईटी सेक्टर में 6.3 प्रतिशत, निफ्टी के डिफेंस सेक्टर में 5.2 प्रतिशत और निफ्टी के पीएसयू बैंक सेक्टर में 1.6 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

——————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here