
जौनपुर, 08 फरवरी (हि.स.) यूपी के जौनपुर जफराबाद थाना अंतर्गत प्रकाश ग्लोबल स्कूल, जगदीशपुर में रविवार को आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (C-TET) की प्रथम पाली में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में मिसमैच पाए जाने पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रही एक महिला को पकड़ा गया। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
इस मामले में थानाध्यक्ष जफराबाद ने बताया कि वन्दना कुमारी पुत्री, राजमणि, निवासी ग्राम काशीपुर, पोस्ट मोलनापुर (अमरगढ़), जिला प्रतापगढ़ (उ.प्र.) कु. नीलम यादव पुत्री संतलाल, निवासी ग्राम घनश्यामपुर, जिला जौनपुर के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। बायोमेट्रिक मिलान के दौरान पहचान में अंतर सामने आने पर परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल उसे रोका और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों महिलाओं के विरुद्ध थाना जफराबाद में मुकदमा पंजीकृत किया गया। आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई है।इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तार अभियुक्ता वन्दना कुमारी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, प्रकरण से जुड़ी अन्य आवश्यक जांच की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि परीक्षा में फर्जीवाड़े का यह मामला संगठित रूप से किया गया या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लोक परीक्षाओं की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
