मुरादाबाद मंडल के इतिहास में पहली बार होगा साहित्य, संस्कृति को समर्पित विराट आयोजन “उदीषाः चौपाला साहित्योत्सव“

0
5

मुरादाबाद, 19 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल के इतिहास में पहली बार साहित्य, संस्कृति एवं बौद्धिक चेतना को समर्पित एक विराट आयोजन “उदीषाः चौपाला साहित्योत्सव 2026“ का आयोजन 22 से 26 जनवरी तक गांधी मैदान बुद्धि विहार मुरादाबाद में किया जा रहा है।

“उदीषाः चौपाला साहित्योत्सव“ को लेकर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सोमवार को बताया कि इस साहित्योत्सव का उद्देश्य जनसामान्य को विभिन्न भाषाओं के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साहित्य से परिचित कराना, उत्तर प्रदेश विशेषकर मुरादाबाद मण्डल की समृद्ध सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं लोक परंपराओं, खान-पान तथा बौद्धिक विरासत को व्यापक मंच प्रदान करना है। साथ ही यह आयोजन युवा पीढ़ी एवं विद्यार्थियों में साहित्य, संस्कृति एवं बौद्धिक मूल्यों के प्रति जागरुकता उत्पन्न करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

जिलाधिकारी ने आगे बताया कि इस आयोजन में केवल एक उत्सव न होकर युवा चेतना को दिशा देने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा बौद्धिक परम्पराओं के पुनःस्थापना का एक सामूहिक प्रयास है!इसमें देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त साहित्यकारों, प्रकाशकों एवं विचारकों की सहभागिता प्रस्तावित है।

जिला प्रशासन के माध्यम से मुरादाबाद मण्डल के समस्त बुद्धिजीवियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों से अपील है कि यदि उनके पास साहित्य, इतिहास, संस्कृति, शिक्षा, दर्शन, विज्ञान अथवा अन्य विषयों से सम्बंधित उपयोगी एवं बहुमूल्य पुस्तकें उपलब्ध हों, जिन्हें वे जनसामान्य के हित में प्रदान करना चाहते हों, तो वे पुस्तकों को “उदीषाः चौपाला साहित्योत्सव“ के अवसर पर पुस्तक दान (ज्ञान-दान) के रुप में भेंट कर सकते हैं। दान स्वरुप प्राप्त पुस्तकों का उपयोग विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों में ज्ञान के प्रसार, अध्ययन संस्कृति के विकास तथा बौद्धिक चेतना के संवर्धन हेतु किया जाएगा। यह पुस्तक दान समाज के लिए दीर्घकालिक बौद्धिक निवेश सिद्ध होगा। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक साहित्यिक आयोजन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा करता है।

#उत्तरप्रदेश #मुरादाबादमंडल #उदीषा _चौपाला _साहित्योत्सव _2026

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें