
रायबरेली, 08 फ़रवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे पर एक बेकाबू कार ने पैदल जा रही सात युवतियों-किशोरियों को रौंद दिया। इसमें चार युवतियों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज़ किया जा रहा है।
रविवार देर शाम जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर गांव निवासी शालिनी (20) पुत्री जंगबहादुर अपनी बहन साधना (15) और भदोखर थाना क्षेत्र के अलीगंज की हिमांशी (22) पुत्री दल बहादुर और गांव की रश्मि (15) पुत्री रामरतन, आसमां (18) समेत सात युवतियां चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारे में प्रसाद खाने के बाद सभी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर चलकर पैदल ही घर लौट रही थीं।
एक्सप्रेसवे पर अचानक आई एक बेकाबू कार ने एक के बाद एक सभी युवतियों को रौंद दिया। सभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी पर आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें सीएचसी, जगतपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शालिनी, हिमांशी, आसमा व रश्मि पुत्री राम रतन को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि कार के रौंदने से हादसा हुआ है। घटना की जांच कराई जा रही है। कार को कब्जे में लिया गया है।
