जियो स्टूडियोज ने सिख्या एंटरटेनमेंट में खरीदी बहुमत हिस्सेदारी

0
69

मुंबई, 03 फरवरी (हि.स.)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सहायक कंपनी रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिजनेस वेंचर्स लिमिटेड ने फिल्म और कंटेंट के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए सिख्या एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड में 50.1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है।

करीब 150 करोड़ रुपये के इस सौदे में नए निवेश के साथ-साथ मौजूदा हिस्सेदारी की खरीद भी शामिल है। इस डील के बाद जियो स्टूडियोज को रचनात्मक ताकत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सिख्या एंटरटेनमेंट भारत की जानी-मानी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित प्रोडक्शन कंपनी है। इसे गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने स्थापित किया था। इस कंपनी ने कई ऐसी फिल्में बनाई हैं, जिन्होंने भारतीय कहानियों को दुनिया भर में पहचान दिलाई है। सिख्या खास इसलिए है क्योंकि यह एकमात्र भारतीय प्रोडक्शन हाउस है, जिसने ऑस्कर पुरस्कार भी जीता है। इसकी मशहूर फिल्मों में ‘पीरियड. एंड ऑफ सेंटेंस’ और ‘द एलीफेंट व्हिसपरर्स’ शामिल हैं। वहीं ‘मसान’, ‘सोरारई पोट्रू’ और ‘कटहल’ जैसी फिल्मों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं।

जियो स्टूडियोज पहले से ही बड़ी और सफल फिल्मों के निर्माण और वितरण में सक्रिय है। अब सिख्या की मजबूत कहानी कहने की कला और जियो के बड़े नेटवर्क के साथ मिलकर भारतीय फिल्मों और सीरीज को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

जियो स्टूडियोज की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच देने की दिशा में बड़ा कदम है। वहीं गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन का कहना है कि इस सहयोग से नए टैलेंट को मौका मिलेगा और भारतीय सिनेमा को नई पहचान मिलेगी।

#जियोस्टूडियोज #सिख्याएंटरटेनमेंट_हिस्सेदारी

—————

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here