अभिषेक पाठक की हाई-वोल्टेज ड्रामा फिल्म ‘हाउसवाइफ’ में दिखेंगी आलिया भट्ट

0
45

अभिनेत्री आलिया भट्ट इन दिनों अपनी फिल्म ‘एल्फा’ को लेकर चर्चा में हैं, जो इसी साल रिलीज होने वाली है। इसी बीच खबर है कि उन्होंने एक और बड़े प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी है। बताया जा रहा है कि आलिया निर्देशक अभिषेक पाठक के साथ हाई-वोल्टेज ड्रामा फिल्म ‘हाउसवाइफ’ में नजर आएंगी। अभिषेक पाठक इससे पहले अजय देवगन अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘दृश्यम-2’ का निर्देशन कर चुके हैं। इस नई फिल्म में आलिया एक विवाहित महिला की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की कहानी एक शादीशुदा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमेगी और इसमें रिश्तों की जटिलताओं को भावनात्मक अंदाज़ में दिखाया जाएगा। मुख्य पुरुष किरदार के लिए अभिनेता राजकुमार राव से बातचीत जारी है। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट में रुचि दिखाई है, हालांकि अभी आधिकारिक अनुबंध नहीं हुआ है। अगर बात बनती है, तो यह पहली बार होगा जब आलिया भट्ट और राजकुमार राव बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे।

बताया जा रहा है कि ‘हाउसवाइफ’ में आलिया केवल अभिनय ही नहीं करेंगी, बल्कि अपनी प्रोडक्शन कंपनी एटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के जरिए सह-निर्माता की भूमिका भी निभाएंगी। इस फिल्म का निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज के साथ मिलकर किया जाएगा। शूटिंग 2026 के मध्य, यानी अगस्त या सितंबर के आसपास शुरू होने की संभावना है। तब तक अभिषेक पाठक ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी कर चुके होंगे। आलिया फिलहाल संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वार’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ काम कर रही हैं।

#अभिषेकपाठक #हाउसवाइफ’ #आलियाभट्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here