अन्य कई घायल
देहरादून, 03 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के नेरवा से सिरमौर जिला के पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस उत्तराखंड में दुर्घटना का शिकार हो गई। यह हादसा आज सुबह उत्तराखंड के कालसी क्षेत्र अंतर्गत कुआनु, मीनाक रोड पर हुआ, जब बस एक अन्य वाहन को पास देते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हिमाचल और उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाके में हादसा हुआ है।
दुर्घटनाग्रस्त बस एचआरटीसी के नेरवा डिपो की है, जिसका नंबर एचपी-66ए-2588 है। बस में कुल 34 यात्री सवार थे। बस नेरवा से पांवटा साहिब के लिए निर्धारित समय पर रवाना हुई । इसमें चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद तैनात थे। एचआरटीसी के एक अधिकारी ने हादसे की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क संकरी होने के कारण बस को सामने से आ रहे वाहन को पास देने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम देहरादून से संबंधित एजेंसियों को अवगत कराया गया। इसके बाद उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को अलर्ट किया गया। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
एसडीआरएफ, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई होने और दुर्गम क्षेत्र के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एचआरटीसी की ओर से भी अधिकारियों की एक टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है ताकि घायलों और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दी जा सके। परिचालक जगदीश चंद से दूरभाष पर हुई बातचीत में बताया गया कि हादसे के समय बस में करीब 31 से 34 यात्री सवार थे। फिलहाल मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने कहा है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
#हिमाचल_परिवहन_निगम_बस #उत्तराखंड_खाई_मेें_गिरी_तीन_मौत