सुप्रीम काेर्ट में केंद्र ने कहा- सोनम वांगचुक स्वस्थ,मिल रहा अच्छा इलाज

0
7

नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय में केंद्र सरकार की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) केएम नटराज ने साेमवार काे जानकारी दी कि लद्दाख के कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिल्कुल ठीक है और उन्हें एम्स जोधपुर से उपलब्ध बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराया जा रहा है। जस्टिस अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस मामले की अगली सुनवाई 11 फरवरी को करने का आदेश दिया।

आज जैसे ही सुनवाई शुरु हुई जस्टिस अरविंद कुमार ने एएसजी से पूछा कि क्या कोर्ट के आग्रह पर सोनम वांगचुक की हिरासत जारी रखने पर कोई विचार किया गया है। तब केएम नटराज ने कहा कि अभी तक कुछ नहीं हुआ है। सोनम वांगचुक को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है। इस पर सोनम वांगचुक के वकील ने कहा कि उनकी तबीयत को देखते हुए हिरासत पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। तब कोर्ट ने नटराज से कहा कि सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है। डॉक्टर भी ऐसा ही बता रहे हैं, उनका इलाज किया जा रहा है। हमने पिछली सुनवाई में सलाह दी थी कि हिरासत जारी रखने पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए। तब नटराज ने कहा कि वे बिल्कुल ठीक हैं और एम्स जयपुर में लद्दाख से ज्यादा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं हैं।

इसके पहले 4 फरवरी को उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से कहा था कि उसे सोनम वांगचुक की खराब होती जा रही तबीयत को ध्यान में रखते हुए उनकी हिरासत जारी रखने के फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए। कोर्ट ने केंद्र सरकार के वकील को इस संबंध में निर्देश लेकर कोर्ट को सूचित करने का निर्देश दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार/संजय

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें