शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के जमीन अधिग्रहण के लिए कमेटी बनी

0
17

मुरादाबाद, 18 फरवरी (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के जमीन अधिग्रहण के लिए कमेटी का चयन कर लिया गया है। मामले में जमीन अधिग्रहण के लिए नियुक्त अधिकारी मुरादाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय ने बताया कि अभी जमीन अधिग्रहण के लिए डीपीआर बनकर एनएचएआई से नहीं आई है। डीपीआर में जमीन के स्थान निर्धारित हो जाएंगे। इसी आधार पर अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए डीपीआर बनाने का काम अंतिम चरण में है। कागजी कार्रवाई के बाद अधिग्रहण का काम शुरू हो जाएगा। एनएचएआई ने एक्सप्रेसवे से संबंधित गांवों में भूमि क्रय विक्रय के साथ लैंड यूज चेंज पर रोक लगाने के लिए गजट जारी किया है। धारा 3-ए के तहत गाटा खसरा की सूची तैयार की जा रही है।

वहीं एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण करने के लिए गजट जारी किया गया है। जमीन के गाटा संख्या को चिन्हित करने का काम चल रहा है। जमीन के सीमांकन काम जिले में नियुक्त अधिग्रहण के अधिकारी करेंगे। एक्सप्रेसवे का निर्माण होने में कम से कम तीन साल का समय लगेगा। यह एक्सप्रेसवे मुरादाबाद के 60 गांवों से होकर गुजरेगा। इसमें ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के सर्वाधिक 26 गांव शामिल किए गए हैं।

एनएचएआई, मुरादाबाद जोन के पीडी अरविंद कुमार ने बताया कि शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस के लिए गजट जारी किया गया है। अधिकारिक रूप से जमीन अधिग्रहण का काम शीघ्र शुरू किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार अपने जोन में दायित्व को पूरा किया जा रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें