Site icon Wah! Bharat

लोकसभा में हंगामें के बीच विपक्षी नेताओं की अहम बैठक

निलंबित सांसदों का धरना, शिवराज और चिराग ने की राहुल गांधी की आलोचना

नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। लोकसभा में 8 विपक्षी सांसदों के निलंबन और लगातार हंगामें के बीच गुरुवार को संसद भवन में विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं की अहम बैठक हुई। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे।

इसी दौरान निलंबित सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी को सदन में बोलने का अवसर दिए जाने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। सांसदों ने कहा कि जब तक नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया जाएगा, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार दोस्त’ कहा, जबकि बिट्टू का परिवार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सबकुछ न्यौछावर कर चुका है। पार्टी का विरोध करते-करते राहुल गांधी अब देश का विरोध करने लगे हैं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कुछ नेता केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते हैं और विभाजनकारी राजनीति करते हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर काम कर रहा है। पासवान ने कहा कि विपक्षी सांसद जिस तरह सदन में सचिवालय की कुर्सी पर चढ़कर कागज फाड़कर अध्यक्ष की ओर उछालते हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने संसद में गरिमामय आचरण पर जोर दिया था। नेता प्रतिपक्ष के अहंकार और जिद के कारण पूरा विपक्ष कमजोर पड़ता जा रहा है।

—————

Exit mobile version