बच्चों को किया दुलार
देहरादून, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शनिवार को पौड़ी जिले के ब्लॉक मयंकेश्वर के पैतृक गांव के बड़े-बुजुर्गों से मुलाकात कर हालचाल जाना और बच्चों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने गांव भ्रमण के दौरान बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट दी। उन्होंने ग्रामीणों व परिचितों से गांव में रहकर खेती-बाड़ी और ग्रामीण जीवन को बनाए रखने का आह्वान किया।
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह योगी ने अपने गांव के बड़े-बुजुर्गों का हालचाल जाना और बच्चों को दुलार किया। मुख्यमंत्री ने एक बच्चे को अपनी गोद में लेकर प्यार से खिलाया। बच्चों ने भी सहजता और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री से संवाद किया।
एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को फूल भेंट किया। इस पर उन्होंने बच्चे को खाने का सामान दिया। बच्चे ने पास खड़े अपने दादा को सामान सौंप दिया। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए स्नेहपूर्वक कहा, ‘हम भी तेरे दादा लगते हैं।’ यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक और यादगार बन गया। इस अवसर पर गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने परिजनों से भी मुलाकात की और सभी का कुशलक्षेम जाना। इसके बाद मुख्यमंत्री गांव भ्रमण पर निकले और रास्ते में ग्रामीणों व परिचितों से मुलाकात की। गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपने गांव में रहकर खेती-बाड़ी और पारंपरिक जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया और ग्रामीण जीवन के महत्व पर जोर दिया।