Site icon Wah! Bharat

‘भारत रंग महोत्सव’ के तहत सात महाद्वीपों में कई नाटकों की प्रस्तुति

नई दिल्ली, 19 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) की ओर से आयोजित 25वें ‘भारत रंग महोत्सव 2026’ के तहत अबतक 7 महाद्वीपों और 15 से अधिक देशों में सफलतापूर्वक कई नाटकों को प्रस्तुत किया गया। अंटार्कटिका की धरती पर ‘वंदे मातरम’ और ‘भगवद गीता’ की गूंज ने इस महोत्सव को दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय थिएटर महोत्सव बना दिया है।

इस दौरान 13 फरवरी को अंटार्कटिका के मैत्री स्टेशन पर तैनात भारतीय वैज्ञानिकों की टीम ने थिएटर को अपना समर्थन दिया। इंडियन अंटार्कटिक कार्यक्रम के तहत काम कर रहे इन वैज्ञानिकों ने अर्जुन और श्रीकृष्ण के संवादों के माध्यम से भगवद गीता के सार को जीवंत किया। साथ ही राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150 साल की यात्रा का जश्न मनाते हुए कोरस प्रस्तुति दी, जिसने बर्फीले रेगिस्तान में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।

उत्सव का आगाज 27 जनवरी को नई दिल्ली में निशांत भारती के लिखे और डॉ. रेखा मेहरा द्वारा निर्देशित नाटक ‘मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम’ से हुआ था। 31 जनवरी को कनाडा के मिसिसॉगा में रेडियो ढिशुम के सहयोग से सात नाटकों के मंचन के साथ इसका अंतरराष्ट्रीय सफर शुरू हुआ। कनाडा, जर्मनी, कतर, यूएई, सूरीनाम, नीदरलैंड, तंजानिया और मॉरीशस जैसे देशों में भारतीय कला का प्रदर्शन किया गया।

एनएसडी के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने कहा, “25वां भारत रंग महोत्सव अब केवल एक संस्थान का आयोजन नहीं बल्कि एक भारतीय महोत्सव’ बन गया है। यह सबको साथ लेकर चलने वाले थिएटर का प्रतीक है, जिसमें आदिवासी समुदायों, बच्चों और समाज के हर तबके की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।”

इस महोत्सव में कनाडा के ‘डॉक्टर वांट्स टू टॉक टू यू’, ‘पुत्र का प्रश्न’ और ‘फ्रीबीज़’ जैसे नाटकों को प्रस्तुत किया गया। दक्षिण अमेरिका के सूरीनाम में आज ‘नरसिंह’ नाटक का सफल मंचन हुआ। कतर में ‘सपनों की उड़ान’ और दुबई में मराठी नाटक ‘कामाची’ का मंचन हुआ। 20 फरवरी को अबू धाबी में ‘भारतीय भोजनालय’ पेश किया जाएगा। विदेशों में होने वाले दूसरे शो में नीदरलैंड और तंजानिया शामिल हैं।

थिएटर को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एनएसडी ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। हाल ही में इंटरनेट रेडियो ‘रंग आकाश’ और विशेष ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘नाट्यम’ लॉन्च किया गया है, ताकि दुनिया भर के थिएटर प्रेमी अपने पसंदीदा प्रोडक्शन घर बैठे देख सकें।

Exit mobile version