Site icon Wah! Bharat

फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह को फिर मिली रंगदारी की धमकी

मुंबई, 14 फरवरी (हि.स.)। बॉलीवुड फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह को फिर से रंगदारी के लिए धमकी भरा ऑडियो क्लिप मैसेज भेजा गया है। इस ऑडियो क्लिप की छानबीन मुंबई पुलिस कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि रणवीर सिंह को तीन मिनट के ऑडियो क्लिप के ज़रिए एक धमकी भरा मैसेज मिला है। शुक्रवार को देर शाम रणवीर सिंह को मिला यह मैसेज बॉक्सर से गैंगस्टर बने हरि चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर द्वारा भेजा गया बताया जा रहा है। क्लिप में सिंह को धमकी देते हुए सुना जा सकता है कि अगर वे “लाइन में नहीं रहे” और उसकी मांगें पूरी नहीं कीं तो उनकी टीमों को “गंभीर नतीजे” भुगतने होंगे। “क्लिप में उस आदमी ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का वफादार साथी होने का दावा किया है और एक्टर रणवीर सिंह को सबक सिखाने की धमकी दी है।”

मैसेज में कहा गया है कि गैंग को हल्के में लेने पर उन्हें खत्म कर दिया जाएगा। मैसेज में यह भी कहा गया है कि उनके पास फिल्मी हस्तियों के बारे में हर तरह की जानकारी उपलब्ध है। साथ ही ऑडियो क्लिप में पुर्तगाल में एक टेलरिंग की दुकान पर फायरिंग की भी जिम्मेदारी ली गई है। दावा किया कि उसने सुनील मीणा (जो राजस्थान का गैंगस्टर भी है) के साथ मिलकर यह हमला किया था, क्योंकि दुकान का मालिक भारतीय प्रवासी मजदूरों का शोषण कर रहा था ।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने वॉयस क्लिप असली है या नहीं, यह पता लगाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैब में उसे भेजा है। साथ ही हैरी बॉक्सर की आवाज के सैंपल भी भेजे हैं। उसने पहले भी रणवीर सिंह को धमकी दी थी और उनसे 01 करोड़ रुपये मांगे थे।”

Exit mobile version