प्रधानमंत्री ने की फिनलैंड के पीएम व स्पेन के राष्ट्रपति से द्विपक्षीय वार्ता

0
16

परस्पर संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर

नई दिल्ली, 18 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन से इतर स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और स्पेन के बीच सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आए स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से प्रधानमंत्री मोदी ने इस समिट से इतर यहां द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने के लिए कई मुद्दों पर व्यापक बातचीत की।

उन्होंने कहा कि बैठक में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, नवाचार, स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन पर क्रियान्वयन, और शिक्षा जैसे तमाम मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्पेन के राष्ट्रपति सांचेज को भारत-यूरोपीय संघ के बीच संबंधों को मजबूती देने के लिए उनका लगातार सहयोग देने के लिए सराहना की।

उल्लेखनीय है कि स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विश्व के चौथे शिखर सम्मेलन में भाग लेने आज सुबह भारत पहुंचे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने हवाई अड्डे पर उनकी स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने फिनलैंड के पीएम से की द्विपक्षीय बातचीत, आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर

नई दिल्ली, 18 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और फिनलैंड के बीच सहयोग को अधिक प्रगाढ़ बनाने पर व्यापक चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में स्थिरता, डिजिटलीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अनुसंधान और नैतिक नवाचार जैसे प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इस बैठक में इस बात पर मुख्य ध्यान रहा कि भारतीय मेधा कैसे दोनों देशों के सहयोग को और मजबूत कर सकती है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एआई क्षेत्र में उभरते नवाचार केंद्र के रूप में फिनलैंड के प्रयासों की सराहना की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने जिम्मेदार और प्रतिभा-आधारित एआई को बढ़ावा देने, साथ ही सतत भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी-सक्षम समाधानों के उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें