
प्राइम वीडियो और इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के सहयोग से बनी फिल्म ‘डोंट बी शाय’ ने लंदन में आयोजित ‘प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स: इंटरनेशनल ओरिजिनल्स’ इवेंट में खासा ध्यान आकर्षित किया। 12 फरवरी को हुए इस कार्यक्रम में आलिया भट्ट और निखिल माधोक एक साथ मंच पर नजर आए। यह इवेंट में शामिल एकमात्र भारतीय टाइटल था, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुर्खियां बटोरीं। फिल्म 20 वर्षीय श्यामिली ‘शाय’ दास की कहानी है, जिसकी सजी-संवरी जिंदगी एक अनचाहे मोड़ के बाद पूरी तरह बदल जाती है।
चर्चा के दौरान आलिया भट्ट ने कहा कि उनका झुकाव स्वाभाविक रूप से मजबूत महिला किरदारों की ओर रहता है, लेकिन फिल्म में दिलचस्प पुरुष पात्र भी हैं। उन्होंने कहा, “इस फिल्म में दो मेल कैरेक्टर्स को बेहद नए नजरिए से पेश किया गया है, जिसे लेकर मैं उत्साहित हूं।” वहीं, प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने बताया कि मंच हमेशा से ‘फीमेल फर्स्ट’ कहानियों को बढ़ावा देता रहा है, ऐसी कहानियां जिनमें महिला किरदारों को मजबूती, बारीकी और अपनी पसंद-नापसंद की स्वतंत्रता के साथ लिखा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कैमरे के आगे और पीछे नए टैलेंट को मौका देना उनकी प्राथमिकता है और ‘डोंट बी शाय’ इस सोच का बेहतरीन उदाहरण है।
आलिया ने फिल्म के अंदाज को क्लासिक और फ्रेश का मेल बताते हुए कहा कि इसमें समर और हॉलिडे फिल्म जैसी पुरानी यादों वाली फीलिंग है, लेकिन एक नई आवाज और ऊर्जा के साथ। इटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के तहत आलिया और शाहीन भट्ट द्वारा निर्मित इस फिल्म को स्रीती मुखर्जी ने लिखा और निर्देशित किया है।