Site icon Wah! Bharat

एफआईएच प्रो लीग में बेल्जियम ने भारत को 3-1 से हराया, राउरकेला में मेहमान टीम का दबदबा

राउरकेला, 11 फरवरी (हि.स.)। एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो लीग 2025–26 के राउरकेला चरण में बेल्जियम ने भारत को 3-1 से शिकस्त दी। बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बेल्जियम के लिए नेल्सन ओनाना, थॉमस क्रोल्स और आर्नो वान डेसल ने गोल किए, जबकि भारत की ओर से एकमात्र गोल शिलानंद लकड़ा ने दागा।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले क्वार्टर में रक्षण पंक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया और किसी भी टीम को बढ़त नहीं लेने दी। बेल्जियम को शुरुआती मिनटों में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उसे नाकाम कर दिया। भारत को भी मौका मिला, पर वह गोल में नहीं बदल सका।

दूसरे क्वार्टर में खेल तेज हुआ। भारतीय गोलकीपर ने कुछ बेहतरीन बचाव कर टीम को मैच में बनाए रखा, लेकिन 23वें मिनट में बेल्जियम ने मौका भुनाते हुए बढ़त हासिल कर ली। जवाब में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और 29वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर मिले मौके को शिलानंद लकड़ा ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने अधिक समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा, हालांकि भारतीय डिफेंस ने मजबूती दिखाई। निर्णायक बढ़त आखिरी क्वार्टर में आई जब 53वें मिनट में थॉमस क्रोल्स ने फील्ड गोल कर बेल्जियम को आगे कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद आर्नो वान डेसल ने एक और गोल दागकर मेहमान टीम की जीत पक्की कर दी।

इस जीत के साथ बेल्जियम ने लीग में अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि भारत को घरेलू मैदान पर हार से निराशा हाथ लगी। अब भारतीय टीम अगले मुकाबलों में वापसी की कोशिश करेगी।

Exit mobile version