Site icon Wah! Bharat

उत्तरी नाइजीरिया में ट्रक पलटा, 30 लोगों की मौत

अबुजा (नाइजीरिया), 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तरी नाइजीरिया के कानो में यात्रियों से भरा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ड्राइवर के लापरवाही से ट्रक चलाने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को कानो के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अमेरिका के चैनल एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे पर कानो के गवर्नर के कार्यालय ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि यह ट्रक कानो के गेजावा लोकल गवर्नमेंट एरिया के क्वानार बार्डे शहर में एक हाइवे पर रविवार सुबह अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में गुजुंग शहर के यात्री सवार थे।

कानो के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ के प्रवक्ता सुनुसी बटुरे डावाकिन टोफा ने कहा कि घायलों में से कई की हालत गंभीर हैं। बयान में कहा गया है, “गवर्नर ने इस घटना को दिल दहला देने वाला और न केवल प्रभावित परिवारों के लिए बल्कि पूरे कानो राज्य के लोगों के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।”

इससे पहले दिसंबर में नाइजीरिया में हुए कार हादसे में ब्रिटिश हेवीवेट चैंपियन एंथनी जोशुआ घायल हो गए थे और उनके दो करीबी सहयोगियों की मौत हो गई थी। उनके ड्राइवर ने लागोस – इबादान एक्सप्रेस-वे पर एक खड़े ट्रक से कार टकरा दी थी।

टीआरटी वर्ल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, कानो के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ ने जीवित बचे लोगों के लिए मुफ्त मेडिकल देखभाल का आदेश दिया है। नाइजीरिया में सड़क दुर्घटनाएं अकसर होती रहती हैं। सड़कों का नेटवर्क खराब है। हाइवे नियमों का शायद ही कभी पालन किया जाता है। 2023 में देश की फेडरल रोड सेफ्टी बॉडी ने कहा था कि देश भर में 9,570 सड़क दुर्घटनाओं में 5,421 लोगों की मौत हुई।

Exit mobile version