उज्जैनः भारत और रूस के विद्वान करेंगे अनुवाद पर महामंथन

0
16

उज्जैन, 20 जनवरी (हि.स.)। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा भारत और रूस के बीच उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षणिक आदान – प्रदान की श्रृंखला के तहत अंग्रेजी अध्ययनशाला एवं विदेशी भाषा विभाग और रूसी मानविकी विश्वविद्यालय मॉस्को के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार विश्वविद्यालय परिसर में अनुवाद विमश: विज्ञान और व्यवहार का संश्लेषण विषय पर बुधवार को एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पहली बार विश्वविद्यालय में रूस के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के विद्वान और भारत के विशेषज्ञ एक साथ मंच पर विभिन्न विषयों पर विमर्श करेंगे। कार्यशाला में रशियन विश्वविद्यालय मॉस्को, द पुश्किन इंस्टीट्यूट ऑफ रशियन लैंग्वेज और रशियन हाउस नई दिल्ली शामिल होंगे। संयोजक प्रो. अंजना पांडे तथा समन्वयक इंदिरा गाजिएवा और निशा चौरसिया ने बताया कि यह कार्यशाला इस बात पर केंद्रित होगी कि अनुवाद केवल एक भाषा से दूसरी भाषा में शब्दों का खेल नहीं है, बल्कि यह एक विज्ञान है जिसमें सटीकता की आवश्यकता होती है और एक व्यवहार है जो दो संस्कृतियों को आपस में जोड़ता है।

आयोजन की रूपरेखा और प्रेरणा विश्वविद्यालय के कुलगुरु, संगोष्ठी के संरक्षक प्रो. अर्पण भारद्वाज है, जिनके अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की नीति के कारण ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कैंपस में विदेशी संस्थानों के साथ इस स्तर का संवाद संभव हो सका है। प्रो. बीके आंजना ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ प्रात: 10.30 बजे विदेशी भाषा विभाग में होगा।

कार्यशाला का प्रथम सत्र अकादमिक रहेगा। इसमें अनुवाद के विज्ञान पर चर्चा होगी। इसमें तकनीक और भाषा के तालमेल को समझाया जाएगा। द्वितीय सत्र व्यावहारिक रहेगा जिसमे रूसी और भारतीय विशेषज्ञों द्वारा अनुवाद के व्यावहारिक अनुप्रयोगों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला जाएगा। अंतिम सत्र संवाद सत्र रहेगा, जिसमें विश्वविद्यालय के छात्र सीधे अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकेंगे और रूस में शिक्षा की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

#सम्राट_ विक्रमादित्य_ विश्वविद्यालय _उज्जैन #उज्जैन #भारत_ और_ रूस _के _विद्वान_ करेंगे_ अनुवाद_ पर_ महामंथन

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें