हुमायूं कबीर का बड़ा ऐलान : बंगाल में निकलेगी ‘बाबरी यात्रा’

0
11

मुर्शिदाबाद, 08 फ़रवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के भरतपुर विधानसभा से विधायक हुमायूं कबीर ने ऐलान किया है कि बाबरी मस्जिद के निर्माण कार्य की शुरुआत आगामी 11 फरवरी से की जाएगी। इसके ठीक अगले दिन यानी 12 फरवरी से वे ‘बाबरी यात्रा’ की शुरुआत करेंगे, जो राज्य के कई हिस्सों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के जरिए उत्तर से दक्षिण बंगाल को जोड़ने का संदेश देने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में रविवार को मुर्शिदाबाद में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में हुमायूं कबीर ने विस्तृत जानकारी दी।

हुमायूं कबीर पहले ही मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद के निर्माण की घोषणा कर चुके हैं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से उनकी दूरी खुलकर सामने आ चुकी है और वे पार्टी को हराने के लिए सक्रिय रणनीति बना रहे हैं। ऐसे में बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण का मुद्दा आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कितना प्रभाव डालेगा, इस पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आगामी 11 फरवरी को कुरान पाठ के बाद बाबरी मस्जिद के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत होगी। इसके अगले दिन 12 फरवरी को बाबरी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा नदिया एवं मुर्शिदाबाद के पलाशी से शुरू होकर उत्तर दिनाजपुर के इटाहार तक जाएगी। यात्रा में कुल 100 गाड़ियां शामिल होंगी और प्रत्येक वाहन में चालक सहित छह लोग सवार रहेंगे। इस तरह करीब 600 लोग इस यात्रा में हिस्सा लेंगे। पूरी यात्रा की दूरी लगभग 265 किलोमीटर बताई जा रही है।

बाबरी यात्रा के उद्देश्य पर हुमायूं कबीर ने कहा कि बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर कुछ लोग लगातार गलत प्रचार फैला रहे हैं। इस यात्रा का मकसद उस कथित दुष्प्रचार का जवाब देना और आम लोगों को निर्माण से जुड़ी सच्चाई से अवगत कराना है।

उन्होंने कहा कि पहले भी एक व्यक्ति ने दुष्प्रचार करने की कोशिश की थी, लेकिन वह नाकाम रहा। आगे भी जो ऐसा करेगा, वह विफल होगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर और दक्षिण बंगाल को जोड़ने वाली इस यात्रा के जरिए हुमायूं कबीर ने परोक्ष रूप से चुनावी प्रचार भी शुरू कर दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति में और अधिक गरमाने की संभावना है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें