Site icon Wah! Bharat

रूसी दल ने महादेव से युद्ध रोकने की प्रार्थना की

—रूसी श्रद्धालुओं ने काशी में किया रुद्राभिषेक, वेद मंदिर में महादेव का अभिषेक

वाराणसी, 15 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि के दिन वाराणसी में आस्था और विश्व शांति की अनूठी मिसाल देखने को मिली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध की विभीषिका से आहत रूसी श्रद्धालुओं ने काशी पहुंचकर भगवान भोलेनाथ से युद्ध विराम और वैश्विक शांति की प्रार्थना की। इसके बाद घाट-लंका स्थित तारानगर कॉलोनी के वेद मंदिर में आयोजित रुद्राभिषेक अनुष्ठान में रूस से आए 12 श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भाग लिया।

वैदिक एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी के तत्वावधान में संस्था के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य पंडित शिवपूजन शास्त्री के सान्निध्य में ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक संपन्न कराया। रूस की जूलिया के संयोजन में काशी पहुंचे 12 सदस्यीय दल के श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का अभिषेक कर दोनों देशों के बीच शांति और सौहार्द स्थापित होने की कामना की। जूलिया ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजन-अर्चन कर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध शीघ्र समाप्त हो, ताकि दोनों देशों में अमन-चैन कायम हो सके।

पंडित शिवपूजन शास्त्री ने कहा कि काशी अनादि काल से विश्व को ज्ञान और शांति का संदेश देती आई है। महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर विदेशी श्रद्धालुओं द्वारा रुद्राभिषेक कर विश्व शांति की कामना करना काशी की वैश्विक आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान महादेव की कृपा से विश्व में शांति स्थापित होगी। महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने काशी की आध्यात्मिक महिमा को और भी गौरवान्वित किया।

Exit mobile version