बाबरी ढांचे का सपना देखने वालाें काे बता देना चाहता हूं कि वो कयामत का दिन कभी नहीं आएगा : योगी

0
12

बाराबंकी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जो लोग बाबरी ढांचे का सपना देख रहे हैं, उन्हें बता देना चाहता हूं कि वो कयामत का दिन कभी नहीं आएगा। हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो। यहां का कानून मानो। यहां का कानून मानोगे और कायदे से रहोगे, तो फायदे में रहेगो। जो कानून तोड़ेगा, वो सीधे जहन्नुम में जाएगा।

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने यह विचार मंगलवार को बाराबंकी में व्यक्त किए। श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्री रामाचार्य पूजन कार्यक्रम में शामिल हाेने पहुंचे मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने यज्ञ मंडप में आहुति दी। इस दौरान बाबा बलराम दास ने मखाना लावा की माला पहनाकर योगी का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री याेगी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा ये डबल इंजन की सरकार है। हम लोगों ने कहा था ना, रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। बन गया न मंदिर। कोई संदेह है। वह राम को भूल जाते हैं, इसलिए भगवान राम भी उनको भूल चुके हैं। अब उनकी नैया कभी पार नहीं होगी। उन्हें कभी आगे नहीं बढ़ना। रामद्रोहियों के लिए अब कोई जगह नहीं। जो रामभक्तों पर गोली चला रहे थे, अब इन लोगों के लिए कोई जगह नहीं। राम सबके हैं, इसमें भेद नहीं। कुछ अवसरवादी राम को भूल जाते हैं।

2017 से पहले प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं था

मुख्यमंत्री योगी ने कहा- हम सब भारतीय एक भारत श्रेष्ठ भारत का निर्माण करें। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं था। पहले गरीबों की जमीन पर कब्जा हो जाता था। सरकार बदलते ही सारी अराजकता गायब हो गई। हमारी सरकार में सब सुरक्षित हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्हाेंने कहा कि जब बेटी सुरक्षित होगी, तो समाज अपने आप सुरक्षा का एहसास करेगा। व्यापारी सुरक्षित होगा, तो तरक्की होगी। पहले वेतन देने का पैसा नहीं होता था। आज सभी को वेतन समय पर मिल रहा। सरकार करोड़ों लोगों को पेंशन दे रही है। आज प्रदेश तरक्की कर रहा है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जो कानून अपने हाथ में लेगा, तो कानून उसे ऐसा सबक सिखाएगा कि पीढ़ियां याद रखेंगी।

मोदी जी आए तो गरीबों को घर मिले

मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले गरीबों के घर नहीं बन पाए। मोदी जी आए, तो उत्तर प्रदेश के 60 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिले। पहले गांवों में बिजली नहीं थी, सड़कों पर गंदगी थी। अब घर-घर शौचालय बन गए। साफ पानी मुहैया कराया जा रहा है। पहले बिजली नहीं मिलती थी। कुछ चुनिंदा जिलों को ही बिजली मिलती थी। अब सभी 75 जिलों को बिजली मिल रही है। पहले की सरकारों में शौचालय नहीं थे। लोगों को मुंह बंद करके खेतों में जाना पड़ता था। आज हर घर में शौचालय है। अब बहन-बेटियों को बाहर नहीं पड़ता। बेटियों के जन्म से लेकर शादी का खर्च भी सरकार कर रही है। ये समाज की जिम्मेदारी है।

500 साल की लड़ाई के बाद मंदिर बना

मुख्यमंत्री योगी ने श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लेख करते हुए कहा 500 साल में कई राजा-महाराजा आए। 1947 में देश आजाद हुआ। सरकारें बनती रहीं। लेकिन किसी के मन में ये बात नहीं आई कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बने। मंदिर भाजपा की सरकार में बना। आज वहां लाखों भक्त दर्शन करने जा रहे।

जनसभा को खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, विधायक दिनेश रावत, विधायक साकेन्द्र वर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, अनुसूचित जाति के आयोग अध्यक्ष बैजनाथ रावत सहित सभी पूर्व जिलाध्यक्षों ने लोगों को संबोधित किया। मंच पर भाजपा के नेताओं के साथ ही अयोध्या के संत – महात्मा भी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें