
लखीमपुर खीरी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। घने कोहरे के चलते हुए सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें चालक समेत तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में बसंतापुर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार धौरहरा कोतवाली क्षेत्र से खमरिया थाना क्षेत्र के रेहुआ जा रहा ई-रिक्शा घने कोहरे के कारण बसंतापुर के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गया। ई-रिक्शा में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो धौरहरा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। घटना बीती रात करीब एक बजे की है।
हादसे में इस्राइल (20 वर्ष) निवासी रसूलपुर ई-रिक्शा चालक, खुशबू (15 वर्ष), अबु तालिब (8 वर्ष) और अजरा (1 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक अजरा, वारिश की नातिन थी। वहीं अकील (16), सादिया (23), साकिया (16), निदा (4) और किस्मतुन (38) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल धौरहरा रविंद्र सोनकर ने रविवार काे बताया कि घने कोहरे के कारण ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चार लाेगाें की माैत हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।