Site icon Wah! Bharat

छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान ने साथी जवान को मारी गोली, मौत

खैरागढ़/रायपुर, 22 दिसंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के 17वीं बटालियन कैंप में एक जवान ने थप्पड़ मारने पर साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जवान की पहचान उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है। आरोपित आरक्षक का नाम अरविंद गौतम (32) है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

खैरागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि रविवार की रात खाना खाने के दौरान सोनवीर जाट और अरविंद गौतम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सोनवीर ने अरविंद को थप्पड़ मार दिया था। बाद आधी रात को गुस्से में अरविंद ने अपनी इंसास राइफल से सोनवीर को गोली मार दी। गोली हाथ को चीरते हुए निकली और गाल में धंस गई। फायरिंग की आवाज सुनकर सभी जवान उठे। उस समय सोनवीर खून से लथपथ पड़ा था। घायल जवान को खैरागढ़ जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गातापार थाना पुलिस के अनुसार, सोनवीर और आरोपित जवान अरविंद के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपित ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने आरोपित जवान को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Exit mobile version