काठमांडू लौटने पर पूर्व राजा ज्ञानेन्द्र शाह का समर्थकों ने किया भव्य स्वागत

0
20

काठमांडू, 13 फरवरी (हि.स.)। झापा से लौटे पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भव्य स्वागत किया गया। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए समर्थकों ने पूर्व राजा का स्वागत किया। पूर्व राजा के स्वागत की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने हवाई अड्डा परिसर में निषेधाज्ञा जारी की थी।

आज सुबह से ही उस क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। हालांकि, पुलिस ने पूर्व राजा के स्वागत के लिए जुटी भीड़ पर कोई हस्तक्षेप नहीं किया। भीड़ में कई लोग राष्ट्रीय ध्वज लिए हुए थे। राजा के समर्थक अभियंता दुर्गा प्रसाईं भी पूर्व राजा के स्वागत के लिए पहुंचे थे। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने भी आम लोगों से स्वागत में उपस्थित होने की अपील की थी, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेता हवाई अड्डे पर नजर नहीं आए। पूर्व राजा ने कार के सनरूफ से समर्थकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

समर्थकों की भीड़ पूर्व राजा के साथ उनके निर्मल निवास तक गई और राजसंस्था के समर्थन में नारेबाजी भी की। हालांकि, पिछले वर्ष पोखरा से पूर्व राजा के आगमन पर जैसी भीड़ देखी गई थी, वैसी इस बार नजर नहीं आई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें