उज्जैन में राहगीरी के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव का घोड़ा बिदका

0
14

संतुलन बिगड़ा, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत संभाला

मुख्यमंत्री बोले: घोड़ा ऊपर-नीचे… यही घुड़सवारी का आनंद

उज्जैन, 25 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में रविवार को आयोजित राहगीरी आनंदोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आई। परेड की सलामी के बाद जब मुख्यमंत्री घुड़सवारी कर रहे थे, तभी उनका घोड़ा अचानक बिदक गया। संतुलन बिगड़ने पर मुख्यमंत्री फिसले और घोड़े से नीचे गिरने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत संभाल लिया। घटना में मुख्यमंत्री को कोई चोट नहीं आई। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद कुछ देर के लिए हड़कंप मचने के बावजूद मुख्यमंत्री ने स्थिति को सहज ढंग से संभाला। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा—“घोड़ा ऊपर-नीचे… सब आनंद है। घुड़सवार का आनंद तो इसी बात में है।” उनके इस बयान के बाद माहौल सामान्य हो गया और कार्यक्रम आगे बढ़ता रहा।गनीमत रही कि मुख्यमंत्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अन्य गतिविधियों का भी आनंद लिया।

घुड़सवारी के बाद बैलगाड़ी से पहुंचे किसान कार्यक्रम

घटना के बाद मुख्यमंत्री बैलगाड़ी में सवार होकर आगे के कार्यक्रमों में शामिल हुए और किसान कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की।

राहगीरी में संस्कृति, खेल और सहभागिता

राहगीरी आनंदोत्सव में मुख्यमंत्री आम लोगों के बीच सक्रिय नजर आए। उन्होंने कुश्ती संघ के मंच से गदा लहराई, हॉकी खेली और सड़क सुरक्षा के संदेश के तहत हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम में पारंपरिक खेल, योग, मलखंभ, अखाड़ा, लाठी खेल, नृत्य और संगीत का जीवंत संगम देखने को मिला। युवा बीच सड़क पर गरबा और डांस करते नजर आए, जबकि बड़ी संख्या में परिवारों की भागीदारी रही।

देसी खेल और स्वाद भी बने आकर्षण

अंटी (कंचे), रस्सीकूद, बोरा दौड़ और सितौलिया जैसे देसी खेलों के साथ कृषि विभाग ने मोटे अनाज से बने हलवा, लड्डू और खिचड़ी का निःशुल्क वितरण किया। पोहा, जूस, फल, अंकुरित आहार और सूप के स्टॉल भी लगाए गए। प्रेस क्लब उज्जैन ने दूध-जलेबी वितरित की।

स्वच्छता और विकास पर भी फोकस

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार सफाई में जुटी रहीं। इस मौके पर शहर के विकास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। परंपरागत लाठी खेल संघ ने करतब दिखाए, जिसमें महापौर मुकेश टटवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल भी शामिल हुए। घोड़े के बिदकने की घटना भले ही पलभर की रही, लेकिन मुख्यमंत्री की सहज प्रतिक्रिया और सक्रिय भागीदारी ने पूरे कार्यक्रम को सकारात्मक संदेश के साथ यादगार बना दिया।

—————

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें