स्पेन-पुर्तगाल में तूफान का कहर :हजारों लोग बेघर,खेती को भारी नुकसान

0
4

कोर्डोबा(स्पेन), 07 फरवरी (हि.स.)। स्पेन और पुर्तगाल में लगातार आ रहे तूफानों और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश और हवा से खेत जलमग्न हो गए हैं, सैकड़ों सड़कें बंद हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। किसानों ने फसलों को भारी नुकसान की चेतावनी देते हुए इसे प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति बताया है।

स्पेन के दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र में 11 हजार से अधिक लोगों को घर छोड़ने पड़े हैं। देशभर में करीब 170 सड़कें बंद कर दी गई हैं, जबकि पुर्तगाल में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मौसम एजेंसी AEMET ने नए तूफान ‘मार्टा’ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश, बर्फबारी और तटीय इलाकों में खतरनाक हालात की आशंका जताई गई है।

किसान संगठनों के अनुसार ब्रोकली, गाजर और फूलगोभी जैसी फसलें पानी में डूबी हुई हैं और हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है। किसानों ने करोड़ों यूरो के नुकसान का अनुमान जताते हुए सरकारी मदद की मांग की है।

लगातार जलभराव से भूस्खलन और जमीन खिसकने का खतरा भी बढ़ गया है। मलागा प्रांत के पहाड़ी इलाकों में लोगों ने कई दिनों से जमीन में कंपन महसूस होने की बात कही, हालांकि स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खतरे से इनकार किया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए वैज्ञानिक दल तैनात किए गए हैं।

कोर्डोबा प्रांत में ग्वाडलकिविर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर रिहायशी इलाकों को खाली कराया गया है। उप प्रधानमंत्री मारिया जीसस मोन्तेरो ने चेतावनी दी है कि नदी का जलस्तर अगले 2 दिनों में चरम पर पहुंच सकता है।

उधर, पुर्तगाल में खराब मौसम के चलते कुछ शहरों में राष्ट्रपति चुनाव की मतदान प्रक्रिया टालनी पड़ी है। तूफानों से निपटने के लिए वहां 26 हजार से अधिक राहतकर्मी तैनात किए गए हैं। लगातार बदलते मौसम ने पूरे आइबेरियन प्रायद्वीप में चिंता बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here