संत सम्मेलन में बवाल, कुल्हाड़ी-डंडों से हमला, 10 लोग घायल

0
4

–दो महिलाओं को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर

हमीरपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के लोधीपुरा गांव में चल रहे संत सम्मेलन के दौरान शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर पत्थर, कुल्हाड़ी व लाठी डंडे चले। जिसमें करीब दस लोग घायल हो गए। गंभीर घायल छह लोगों को सीएचसी सरीला में भर्ती कराया गया। दो महिलाओं को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है।

लोधीपुरा गांव निवासी पंचायत मित्र रविन्द्र कुमार ने बताया कि गांव में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी समूचे गांव की ओर से संत सम्मेलन का आयोजन चल रहा है। बीते 3 फरवरी की रात में रामलीला मंचन के दौरान श्रवण कुमार पुत्र श्रीराम शराब के नशे में लोगों को गाली गलौज कर रहा था। संत सम्मेलन कमेटी के उपाध्यक्ष होने पर सुरेन्द्र ने उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने गाली गलौज कर उनके साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद गांव वालों ने दोनों पक्षों में सुलहनामा भी करा दिया। मगर शनिवार को यह विवाद उस समय फिर भड़क उठा जब सुरेन्द्र का साला गोलू (20) मेला में दुकान से सामान ले रहा था। इसी बीच दूसरे पक्ष के श्रवण कुमार, अशोक कुमार, विपिन कुमार और आकाश निवासी जराखर आ धमके और गोलू को जबरन उठाकर अशोक के घर ले गए।

इससे मेला परिसर में हड़कम्प मच गया। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों पर भी दबंगों ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया । उन्होंने महिलाओं व बच्चों को भी नहीं बक्शा। झगड़े में दोनों पक्षों के लगभग दस लोग घायल हुए हैं। इनमें पंचायत मित्र रविन्द्र कुमार की मां शिववती (55), मोहिनी (18) पुत्री अशोक कुमार, सुरेंद्र कुमार (38) पुत्र रामस्वरूप, मधु (18) पुत्री नरेश कुमार बरहरा, गोलू (20) पुत्र कांधीलाल निवासी टोला रावत, लोधीपुरा निवासी रविन्द्र (35) पुत्र राम रतन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी सरीला भेजा।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद शिववती व मोहिनी को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। जबकि लोकेंद्र कुमार (21), बृजेंद्र कुमार (40) रामस्वरूप, रचना (30) पत्नी सुरेन्द्र कुमार व माहेश्वरी (42) के मामूली चोटे आई हैं। घटना के बाद गांव में तनाव पैदा हो गया है। सीओ शाहरुख खान ने बताया कि दारू के नशे में युवक द्वारा गाली गलौज करने के कारण विवाद हुआ है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी घटना की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here