शंकराचार्य मामले पर मुख्यमंत्री योगी ने सपा को घेरते हुए कहा- कानून सबके लिए बराबर

0
11

लखनऊ, 13 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर आए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश नहीं उत्सव प्रदेश के नाम से जाना जाता है। वर्ष 2030 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश की नंबर एक की अर्थव्यवस्था बनेगी। मुख्यमंत्री माघ मेले में शंकराचार्य विवाद पर भी खुलकर बोले और कहा कि कानून सबके लिए बराबर है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल अभिभाषण पर आए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी काे अपराधियों और माफियाओं को बढ़ावा देने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश में शंकराचार्य विवाद, एसआईआर, लोकमाता अहिल्याबाई के मुद्दे पर समाज को बिगाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा ने प्रयागराज में शंकराचार्य विवाद को अनावश्यक तूल दिया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य मामले पर कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। उन्होंने आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित चारों पीठों का उल्लेख किया; चारों वेदों के मंत्रों को पढ़ते हुए इनकी मर्यादा को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के लिए पात्र होना चाहिए और वैदिक परंपराओं के अनुसार उसकी मान्यता होनी चाहिए। सनातन धर्म में शंकराचार्य पद सर्वोच्च है इसलिए मर्यादा का पालन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने सवाल किया कि अगर वे शंकराचार्य थे तो समाजवादी पार्टी की सरकार में उन पर लाठीचार्ज क्याें किया गया था और एफआईआर दर्ज कराई गई। अब सपा के लोग नैतिकता की बात करते हैं। एक जिम्मेदार व्यक्ति कभी भी अमर्यादित आचरण नहीं कर सकता है। हम कानून का पालन करना जानते हैं और करवाना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि माघ मेले में श्रद्धालुओं के जीवन से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

मुख्यमंत्री योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण के समय समाजवादी पार्टी के सदस्यों द्वारा हंगामा करने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख हैं। उनके आने का कार्यक्रम, अभिभाषण सब पहले से तय था। कार्यमंत्रणा की बेठक में भी चर्चा हुई थी। इसके बावजूद मुख्य विपक्षी दल का आचरण न केवल संवैधानिक प्रमुख बल्कि मातृशक्ति का अपमान करने वाला रहा।

वंदे मातरम का विरोध करने वालों को देश में रहने का हक नहीं

मुख्यमंत्री योगी ने सदन में कहा कि सपा-कांग्रेस के लोग वंदे मातरम का विरोध करते हैं। वंदे मातरम का विरोध करने वालों को भारत में रहने का कोई हक नहीं है। ऐसे लोगों को वहीं जाना चाहिए जहां पर वंदे मातरम का विरोध होता है। कांग्रेस और सपा को भी चाहिए कि वे वंदेमातरम का विरोध न करें और जो विरोध करे उसे कान पकड़ कर धक्का देकर बाहर कर देना चाहिए। कांग्रेस और सपा को इस बात की घोषणा करनी चाहिए।

12 हजार एकड़ में बन रहा देश का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सदन में कहा कि देश के सर्वाधिक एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में है। नोएडा में देश का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट बन रहा है, जो 12 हजार एकड़ में फैला हुआ है और यहां पांच रनवे बन रहे हैं। आज यूपी की पहचान एक्सप्रेस वे और एयरपोर्ट से हो रही है।

खेल स्टेडियम बन रहे हैं, खिलाड़ियाें काे नाैकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी सालों में होने वाले कॉमनवेल्थ और ओलंपिक खेलों को देखते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों को तैयार करने का काम किया जा रहा है। स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय बन चुका है और निजी खेल एकेडमियों को भी आर्थिक मदद दी जा रही है। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश सरकार एशियाड और ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दे रही है। खेलों के लिए प्रदेश सरकार के पास बजट की कमी नहीं है। हम खेलो इंडिया के साथ इसे जोड़ते हैं और आगे बढ़ाते हैं। प्रदेश में ब्लाक से लेकर जिला मुख्यालय और मंडल मुख्यालय तक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने पर काम किया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर, सामाजिक सुरक्षा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को नौकरियां दी हैं। बीते नौ साल में नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं जिनमें से एक लाख 75 हजार महिलाओं की संख्या है। इसके साथ ही पुलिस भर्ती में भी महिलाओं को बड़ी संख्या में मौका दिया गया है। पीएसी की तीन महिला वाहनियां बनाई है और तीन अभी और बनाई जाएंगी। पुलिस और पीएसी में वर्ष 2017 से पहले के मुकाबले तीन गुना महिला कर्मियों की नियुक्तियां की गई हैं।

नौ साल में हमने कोई टैक्स नहीं लगाया

विपक्ष दलों को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के बारे में हर कोई अच्छा सोचता है। 2017 के पहले यूपी को लोग गलत निगाहों से देखते थे। आज यूपी की अर्थव्यवस्था 36 लाख करोड़ हो गई है। हमने टैक्स चोरी को रोका है। टैक्स चोरी रोकना भ्रष्टाचार पर सरकार का प्रहार है। बीते नौ साल में जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है फिर भी हमने वित्तीय अनुशासन कायम रखा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here