लड़कियों के लापता होने पर पेड हाइप का खुलासा,दिल्ली पुलिस का सख्त संदेश

0
14

नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली में लड़कियों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे डर और अफवाहों पर दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों और प्लेटफॉर्म्स द्वारा पेड प्रमोशन के जरिए इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है, जिससे आम जनता में अनावश्यक पैनिक पैदा हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पैसे के फायदे के लिए डर का माहौल बनाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बताया कि कुछ सुरागों को फॉलो करने के बाद यह सामने आया है कि लापता लड़कियों के मामलों को लेकर भ्रामक कंटेंट को जानबूझकर प्रमोट किया जा रहा है। ऐसे पोस्ट्स और वीडियो तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों और समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस ने कहा कि वास्तविक आंकड़ों और तथ्यों को नजरअंदाज कर डर फैलाने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को दें। दिल्ली पुलिस ने यह भी दोहराया कि हर लापता व्यक्ति के मामले में गंभीरता से जांच की जाती है और अधिकांश मामलों में समय रहते बच्चों और युवतियों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाता है। पुलिस का कहना है कि जिम्मेदार नागरिक बनें, अफवाहों से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here