Site icon Wah! Bharat

 लक्सर गोलीकांड के दोनों हमलावर गिरफ्तार

हरिद्वार, 25 दिसंबर (हि.स.)। बुधवार को पेशी पर ले जाए जा रहे कुख्यात बदमाश पर फायरिंग करने की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने दोनों हमलावरो को दबोच लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपित पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से, बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं। पैसे के लेनदेन में विनय त्यागी लगातार सनी यादव को जान से मरवाने की धमकी दे रहा था। जिस पर सन्नी काफी समय से विनय त्यागी की लगातार रेकी कर रहा था। उसे जानकारी मिली कि रुड़की जेल में बंद विनय त्यागी 24 दिसम्बर को लक्सर न्यायालय में पेशी पर लाया जाएगा। इस जानकारी के बाद सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से घटना को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उम्र 28 वर्ष तथा अजय पुत्र कुंवर सैन निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष बताया। पुलिस ने सनी यादव से एक तंमचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस तथा अजय से एक तमंचा 32 बोर तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुख्य आरोपित सन्नी यादव के खिलाफ थाना काशीपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई है।

—————

Exit mobile version