
– हिंदू रीति-रिवाजों ने मोहा विदेशी मेहमानों का मन
सिंगरौली, 05 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में पंचखोरा रोड पर गुरुवार को सात समंदर पार फ्रांस से आई दुल्हन शार्लोट ओलानियां ने भारतीय युवक संदीप कुमार सिंह के साथ हिंदू परंपरा के अनुसार सात फेरे (विवाह) लिए। इस अनोखे विवाह समारोह को देखने के लिए शहरवासियों में भारी उत्सुकता देखी गई।
सिंगरौली जिला मुख्यालय में बैढ़न स्थित होटल हेरिटेज पैलेस में हिंदू रीति-रिवाजों से हुए इस विवाह ने विदेशी सैलानियों का मन मोह लिया। यहां आज सिंगरौली निवासी संदीप कुमार सिंह पुत्र स्व.रमेश प्रसाद सिंह का विवाह फ्रांस के ओलां निवासी शार्लोट ओलानियां के साथ हुआ।
संदीप कुमार सिंह वर्तमान में बेल्जियम में नौकरी कर रहे हैं। वहीं उनकी मुलाकात फ्रांस के ओलां शहर की रहने वाली शार्लोट से हुई। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। लगभग दो साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने जीवन भर साथ निभाने का फैसला किया। संदीप शुरू से ही चाहते थे कि उनका विवाह उनकी अपनी संस्कृति और परंपराओं के अनुसार हो, जिसे शार्लोट ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
एक दिन पहले यानी बुधवार 4 फरवरी को हेरिटेज पैलेस में हल्दी की रस्म से हुई। इस अवसर पर लगभग आधा सैकड़ा फ्रांसीसी नागरिकों ने पीले वस्त्र धारण कर हेरिटेज पैलेस होटल में परिवार के सदस्यों के साथ दूल्हा-दुल्हन को हल्दी का लेप लगाया, जो सौंदर्य, पवित्रता, सुरक्षा और वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद का प्रतीक है। इस दौरान फ्रांसीसियों ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता का विशेष सम्मान करते हुए सारी रस्म मंत्रोचारण के साथ सम्पन्न कराया।
संदीप और शार्लोट के विवाह की रस्में पूरी तरह भारतीय अंदाज में निभाई गईं। दुल्हन शार्लोट के हाथों में जब पारंपरिक डिजाइन वाली मेहंदी सजी, तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। शार्लोट ने बताया कि वे बचपन से ही भारत और यहां की संस्कृति के बारे में सुनती आई थीं, लेकिन यहां आकर दुल्हन बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
इस शादी की खास बात यह रही कि दुल्हन के साथ उनके परिवार और रिश्तेदारों के करीब 25 लोग फ्रांस से सिंगरौली पहुंचे। रात में पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के फेरे लेकर दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं। विदेशी मेहमान भारतीय भोजन, संगीत और शादियों में होने वाले शोर-शराबे से काफी प्रभावित नजर आए। संदीप के अनुसार, उनके ससुराल पक्ष के लोग भारतीय परंपराओं को देखकर बहुत खुश हैं।
सिंगरौली के लोगों ने बताया कि यह पहला मौका है जब किसी विदेशी युवती ने शहर आकर पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है। सजी-धजी विदेशी दुल्हन और भारतीय दूल्हे की यह जोड़ी अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। विवाह संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने नए जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
विदेशियों ने भारतीय संस्कृति की प्रशंसा कीकार्यक्रम में शामिल फ्रांसीसियों ने बताया कि वह हेरिटेज पैलेस होटल में भारतीय संस्कृति की विविधता, आध्यात्मिकता, मेहमाननवाज़ी (अतिथि देवो भव) की परंपरा से काफी प्रसन्न हैं। वे हेरिटेज होटल के खान-पान, पारंपरिक पहनावे से गहराई से प्रभावित हैं, जो भारत की अनूठी सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने उजागर करता है। हेरिटेज होटल में पधारे फ्रांसीसी नागरिकों ने कहा कि भारत की यह एक अच्छी संस्कृति है, जहां हर जाति धर्म के लोग एकजुट होकर सामाजिक समरसता का उदाहरण पेश करते है, जिसकी उन्होंने काफी प्रशंसा की।
फ्रांसीसियों ने हेरिटेज होटल प्रबंधन की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, स्मार्ट तकनीकों, स्वच्छता, कुशल परिचालन व मजबूत टीम को देख काफी सराहा। कहा होटल प्रबंधन की अपनत्वता और व्यवस्था को देख हमें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब भी हमें भारत आने का सौभाग्य हुआ तो वह यहां निश्चित रूप से प्रवास करेंगे।_______________