
इंफाल, 04 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस एवं सुरक्षा बल उग्रवादियों एवं अवैध हथियारों के विरूद्ध लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं। इसी कड़ी में अलग-अलग अभियानों में एक उग्रवादी को जहां गिरफ्तार किया गया, वहीं भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के एक एक्टिव कैडर, मीसनम कोरोहनबा लुवांग उर्फ कोरो (45) को इंफाल पश्चिम जिले के इंफाल थानांतर्गत कीशमथोंग टॉप लीराक में उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
वहीं दूसरी ओर सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग थानांतर्गत लंबाल अवांग लीकाई से, अन्य चीजों के अलावा भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है। बरामद हथियारों में एक स्थानीय निर्मित सिंगल बैरल बंदूक, एक 9 एमएम की पिस्तौल, मैगजीन के साथ छह अन्य पिस्तौलें, 64 अलग-अलग कैलिबर के कारतूस, तीन एसएलआर के खाली कारतूस, एक नंबर-36 एचई ग्रेनेड, एक डेटोनेटर, तीन ट्यूब लॉन्चिंग डिवाइस, 10 आर्मिंग रिंग, एक मैगजीन, चार लोहे की प्लेटें, दो छलावरण हेलमेट, तीन बीपी वेस्ट और एक गोला-बारूद कंटेनर बॉक्स शामिल हैं