Site icon Wah! Bharat

 भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने 500 नई ईवी बसों व दिल्ली–पानीपत ई-बस सेवा को रामलीला मैदान से दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित एक भव्य समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक (ईवी) बसों तथा दिल्ली–पानीपत के बीच अंतरराज्यीय ई-बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर एक मजबूत और निर्णायक सरकार का गठन किया है। सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली को 500 नई इलेक्ट्रिक बसों का उपहार मिलना एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों की दिल्ली को साकार करने के लिए निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रही हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं कीं, लेकिन परिणाम धरातल पर नजर नहीं आए। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने अपने काम से यह सिद्ध किया है कि यह परिणाम देने वाली सरकार है। जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन, डिजिटल पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही बीते एक वर्ष में स्पष्ट रूप से देखने को मिली है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली के इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में शामिल किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली में ईवी बसों की कुल संख्या 4,000 से अधिक हो गई है, जिससे राजधानी देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा वाला शहर बन गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली–पानीपत के बीच तीन नई इलेक्ट्रिक बस सेवाओं की शुरुआत भी की गई है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक ईवी बसों की संख्या 7,500 और वर्ष 2028 तक 14,000 तक पहुंचाने का है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार जल्द ही एक व्यापक और प्रभावी ईवी पॉलिसी लेकर आएगी। पिछली सरकार के दौरान घोषित ईवी सब्सिडी का भुगतान नहीं हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार ने इस मद में 40 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया है। महिलाओं के लिए पिंक कार्ड और मोबिलिटी कार्ड जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 फरवरी 2025 का दिन दिल्ली के लिए ऐतिहासिक था, जब दिल्ली की जनता ने 70 में से 48 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देकर स्पष्ट जनादेश दिया। उसी दिन से दिल्ली के विकास की नई नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत देकर दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास प्रकट किया और ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ एक स्थिर एवं निर्णायक सरकार का गठन हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 वर्षों के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और उसी क्षण से राजधानी में विकास और विश्वास की नई रेखाएं खींची जाने लगीं। उन्होंने कहा कि हमारे सभी विधायक, मंत्री और पूरी टीम ने बीते 365 दिनों में दिल्ली की जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और वर्षों से अटकी, लटकी और भटकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया।

सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का मूल्यांकन कागजी आंकड़ों से नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती आधुनिक बसों और आम जनता को मिल रही बेहतर परिवहन सुविधाओं से किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार डीटीसी को भारी घाटे और अव्यवस्था में छोड़ गई थी, जबकि वर्तमान सरकार डीटीसी को एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 500 नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ सार्वजनिक परिवहन को और सशक्त करेगा। दिल्ली–पानीपत अंतरराज्यीय ई-बस सेवा लगभग 86 किलोमीटर लंबी है, जो सिंघु बॉर्डर, राय, मुरथल, समालखा सहित कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती प्रदान करेगी।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा सहित कई विधायक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।—————

Exit mobile version