फ्रांस के साथ छठा रक्षा संवाद 17 फरवरी को

0
7

हैमर मिसाइल समझौते पर हस्ताक्षर संभव

नई दिल्ली, 15 फ़रवरी (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बेंगलुरु में फ्रांस के साथ छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में फ्रांस की सशस्त्र बल मंत्री कैथरीन वौत्रिन भी शामिल होंगी।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा होगी और रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में रक्षा सहयोग समझौते को अगले 10 वर्ष के लिए नवीनीकरण किया जा सकता है। हैमर मिसाइल के संयुक्त निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। दोनों देश भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना में अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती को लेकर घोषणा कर सकते हैं।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस के एच125 हेलीकॉप्टर अंतिम असेंबली संयंत्र का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को दोनों रक्षा मंत्री देखेंगे।

मंत्रालय के अनुसार भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण स्तंभ है। दोनों देश नियमित रूप से शक्ति, वरुण और गरुड़ सैन्य अभ्यास करते हैं। कैथरीन वौत्रिन के रक्षा मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले पांचवां रक्षा संवाद अक्टूबर 2023 में फ्रांस में आयोजित हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here