प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सराहना की

0
1

नई दिल्ली, 03 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य मंत्रियों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सराहना करते हुए इसे वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि का एक नया आधार स्तंभ करार दिया।

प्रधानमंत्री मोदी एक्स पर कहा, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब भारत में निर्मित उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।“

अमित शाह ने कहा कि इससे मजबूत व्यापारिक संबंधों और आपसी विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस ऐतिहासिक समझौते के लिए, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। दोनों देशों और उनकी जनता को व्यापक लाभ पहुंचाएगा, भारत-अमेरिका के बीच व्यापार और भी फलेगा-फूलेगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वित्त मंत्री ने इसे “मेड इन इंडिया” उत्पादों के लिए बड़ी खुशखबरी बताते हुए कहा कि इससे दोनों बड़े लोकतांत्रिक देशों के लोगों को सीधा लाभ होगा।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने वस्त्र उद्योग पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर जोर दिया और कहा कि इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में व्यापार, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

भारतीय वस्त्र उद्योग परिसंघ (सीआईटीआई) की महासचिव चंद्रिमा चटर्जी ने कहा कि भारत अमेरिका में अपने कुल बाजार का लगभग 28-30 प्रतिशत हिस्सा खो रहा था, जिसे अब पुनः प्राप्त किया जा सकेगा। भारत की 18 प्रतिशत की दर बांग्लादेश (20 प्रतिशत) और वियतनाम (19-20 प्रतिशत) जैसे प्रतिस्पर्धियों से कम है, जो भारतीय परिधानों को अमेरिकी बाजार में ज्यादा सस्ता और आकर्षक बनाएगी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि ऐतिहासिक भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय उत्पादकों को वैश्विक बाजार में महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलेगा। लगभग 18 प्रतिशत की कम टैरिफ दरों से युवाओं, किसानों और लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। एक मजबूत भारत-अमेरिका साझेदारी निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को गति देगी। पहले यूरोपीय देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौता और अब भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक बड़ी उपलब्धि है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि कल भारत और अमेरिका के बीच हुई वार्ता ऐतिहासिक है। यह सिर्फ एक व्यापार समझौता नहीं है जो दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच व्यापार को नई परिभाषा देगा बल्कि इसका वैश्विक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और व्यापार एवं भू-राजनीति के कई पहलुओं को स्थिर करने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी से व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा करने की जानकारी दी।

#प्रधानमंत्रीमोदी #अमितशाह #भारत_अमेरिका #व्यापारसमझौते_सराहना

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here