Site icon Wah! Bharat

निपाह वायरस से देश में पहली मौत, पश्चिम बंगाल में 25 साल की नर्स ने तोड़ा दम

नई दिल्ली, 12 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस से संक्रमित दो मरीजों में से एक मरीज की मौत हो गई है। देश में इस साल निपाह वायरस से यह पहली मौत है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि 11 जनवरी 2026 को पश्चिम बंगाल से रिपोर्ट किए गए निपाह संक्रमण के दो पॉजिटिव मामलों में से एक नर्स, जो गंभीर रूप से बीमार थीं और अस्पताल में गहन चिकित्सा देखभाल के तहत भर्ती थीं। 25 साल की महिला नर्स का बुधवार को उपचार के दौरान हृदयगति रुकने से निधन हो गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार उन्हें आईसीयू में विशेषज्ञ निगरानी में रखा गया था। स्वास्थ्य विभाग के आवश्यक प्रोटोकॉल के तहत संपर्क में आए लोगों की निगरानी और अन्य एहतियाती कदम जारी हैं। दोनों संक्रमित नर्सिंग स्टाफ नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती थे। इनमें एक पुरुष नर्स और एक महिला नर्स शामिल थीं। पुरुष नर्स इलाज के दौरान ठीक हो गया लेकिन महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि निपाह एक ऐसा इन्फेक्शन है, जो मुख्य रूप से चमगादड़ों से फैलता है। पश्चिम बंगाल में खजूर के पेड़ से जो रस निकाला जाता है, उसे काफी लोग पीते हैं। ये रस अक्सर चमगादड़ों के संपर्क में आते हैं और वहीं से ये वायरस फैलता है।

Exit mobile version