Site icon Wah! Bharat

डिब्रूगढ़ बनेगा असम का दूसरा प्रशासनिक केंद्र

अमित शाह ने 1,715 करोड़ की योजनाओं का किया शुभारंभ

डिब्रूगढ़ (असम), 30 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अपने असम दौरे के दौरान डिब्रूगढ़ में 1,715 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। ये परियोजनाएं असम सरकार की प्रशासन को विकेंद्रीकृत करने, बाढ़ प्रबंधन को सशक्त बनाने और राज्य के समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने 284 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दूसरे विधानसभा परिसर और विधायक हॉस्टल की आधारशिला रखी। इस परियोजना का उद्देश्य डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी प्रशासनिक राजधानी के रूप में विकसित करना है, जिससे राजधानी दिसपुर पर प्रशासनिक दबाव कम होगा और ऊपरी असम क्षेत्र में शासन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

प्रस्तावित विधानसभा परिसर में तीन मंजिला विधानसभा भवन, विधायकों के लिए नौ मंजिला हॉस्टल, 800 सीटों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम तथा सुरक्षा कर्मियों के लिए विशेष आवासीय सुविधाएं शामिल होंगी। इसके निर्माण से क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा अमित शाह ने 238 करोड़ रुपये की लागत से बने मल्टी-डिसिप्लिनरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन किया और इसके दूसरे चरण की आधारशिला रखी, जिसकी अनुमानित लागत 209 करोड़ रुपये है। परियोजना के पूर्ण होने पर इस खेल परिसर में 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता, एक केंद्रीय खेल मैदान और आधुनिक एथलेटिक ट्रैक की सुविधा होगी। पहले चरण में इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, फुटबॉल मैदान, विभिन्न खेल कोर्ट और खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना के तहत केंद्रीय गृह मंत्री ने 292 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वन्यजीव स्वास्थ्य एवं अनुसंधान केंद्र की भी घोषणा की। इस केंद्र का उद्देश्य जंगली जानवरों के इलाज की सुविधाओं को सुदृढ़ करना और वन अधिकारियों, पशु चिकित्सकों तथा शोधकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इस अत्याधुनिक केंद्र में उन्नत प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षण इकाइयां, क्लिनिकल ब्लॉक, संग्रहालय और ऑडिटोरियम की सुविधा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम की खास उपलब्धि के रूप में अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष के तहत 692 करोड़ रुपये की वेटलैंड (आर्द्रभूमि) बहाली पहल की भी शुरुआत की। इस परियोजना के तहत राज्य के नौ जिलों में स्थित 15 वेटलैंड्स को पुनर्जीवित किया जाएगा, जिससे जल धारण क्षमता बढ़ेगी, शहरी बाढ़ की समस्या कम होगी और ब्रह्मपुत्र नदी बेसिन में बाढ़ प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे।

ज्ञात हो कि इस वेटलैंड पुनर्स्थापन कार्यक्रम से असम में बार-बार आने वाली बाढ़ के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह पहल दीर्घकालिक पारिस्थितिक संतुलन और पर्यावरणीय लचीलापन बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होगी।

Exit mobile version