ट्रंप का दावा-मोदी से व्यापार समझौते,टैरिफ कटौती,रूसी तेल खरीद पर हुई चर्चा

0
19

वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत को लेकर बड़ा दावा किया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।

ट्रंप के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीद रोकने और अमेरिका व संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक ऊर्जा खरीदने पर सहमति जताई। ट्रंप ने दावा किया कि इससे यूक्रेन युद्ध खत्म करने में मदद मिल सकती है।

अपने बयान में ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ट्रंप ने कहा कि भारत “बाय अमेरिकन” नीति के तहत अमेरिकी ऊर्जा, तकनीक, कृषि और अन्य उत्पादों की बड़े स्तर पर खरीद बढ़ाएगा। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को भविष्य में और मजबूत होने की बात भी कही।

हालांकि, इन दावों पर भारत सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान अभी तक सामने नहीं आया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि ऐसे किसी समझौते पर प्रगति होती है, तो यह भारत-अमेरिका आर्थिक और रणनीतिक संबंधों में अहम मोड़ साबित हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here