Site icon Wah! Bharat

चुनाव से पहले युवाओं के खाते में 15 सौ रुपये देगी ममता सरकार

कोलकाता, 10 फरवरी (हि.स.)।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरिम बजट में घोषित ‘युवसाथी’ योजना को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार यह योजना अब एक अप्रैल से लागू करेगी। इसके तहत राज्य के 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को हर महीने 15 सौ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले यह योजना 15 अगस्त से शुरू करने का निर्णय लिया गया था लेकिन नया आर्थिक वर्ष एक अप्रैल से शुरू होता है इसलिए उसी दिन से योजना लागू करने का फैसला किया गया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इस योजना का लाभ उन्हीं युवाओं को मिलेगा, जिन्होंने माध्यमिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण की है और जो वर्तमान में बेरोजगार हैं। यह भत्ता अधिकतम पांच वर्षों तक दिया जाएगा। हालांकि, जैसे ही किसी लाभार्थी को नौकरी मिल जाएगी, उसी समय से भत्ता बंद हो जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो युवा किसी अन्य सरकारी भत्ता योजना का लाभ ले रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। हालांकि, ऐक्यश्री, मेधाश्री या स्मार्ट कार्ड जैसी छात्रवृत्तियों का लाभ लेने वाले युवाओं को युवसाथी योजना से वंचित नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर बताया कि युवसाथी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय की कमी और आवेदन की सही तरीके से जांच सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने प्रत्यक्ष आवेदन की व्यवस्था की है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति वंचित न रह जाए। इसके लिए राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर 15 फरवरी से 26 फरवरी तक चलेंगे और रोज़ाना सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। छुट्टी के दिनों में शिविर बंद रहेंगे। आवेदन करने वाले सभी लोगों को रसीद दी जाएगी और बाद में इन आवेदनों को डिजिटाइज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ये शिविर दुआरे सरकार की तर्ज पर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में अलग-अलग विभाग मौजूद रहेंगे। युवसाथी योजना से जुड़े आवेदनों के लिए युवा और खेल विभाग जिम्मेदारी संभालेगा। इसके साथ ही भूमिहीन खेत मजदूरों के लिए साल में दो बार दो हजार रुपये की सहायता देने वाली योजना के लिए कृषि विभाग मौजूद रहेगा। वहीं, लघु सिंचाई और बिजली विभाग भी शिविरों में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। योजना से संबंधित जानकारी देने के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन भी प्रकाशित किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यवासियों को रमजान और होली की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में युवसाथी योजना की घोषणा पहले ही कर दी गई थी, लेकिन इसकी शुरुआत की तारीख स्पष्ट नहीं की गई थी। अब सरकार ने यह तय कर लिया है कि 01 अप्रैल से माध्यमिक उत्तीर्ण बेरोजगार युवा युवसाथी भत्ता योजना का लाभ लेना शुरू कर सकेंगे और उन्हें हर महीने 15 सौ रुपये की सहायता दी जाएगी।

Exit mobile version