केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह पर राहुल की टिप्पणी से भाजपा आहत

0
2

सिख नेताओं ने पुतला फूंका

लखनऊ 04 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का केन्द्रीय मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू का अपमान करने पर भाजपा ने पार्टी के सिख नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी शर्म करो, सिखों का अपमान करना बंद करो के नारे जैसे नारे भी लगाए।

भाजपा नेता एवं गुरू गोविन्द सिंह सेवा समिति के महामंत्री सरदार परविन्दर सिंह के नेतृत्व में राजधानी लखनऊ के आलमबाग स्थित खालसा चौक पर सिख समाज ने राहुल गांधी का पुतला दहन करते हुए सरदार रवनीत सिंह बिट्टू के अपमान को सिख समाज का अपमान बताया। परविन्दर सिंह ने कहा कि संसद के मुख्य द्वार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सरदार रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहने से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई है और पूरा सिख समाज आक्रोशित है। सिख समाज राहुल गांधी से इस्तीफे की मांग करता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता सदैव से सिख समाज की विरोधी रही है। कांग्रेस ने 1984 में सिख विरोधी दंगे सुनियोजित तरीके से कराए। 1984 में भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब सत्ता के केन्द्र में बैठे लोग प्रायोजित तरीके से दंगे भड़का भी रहे थे और सिखों की बेरहमी से हत्याएं भी करा रहे थे। कांग्रेस आज भी अपनी उस सिख विरोधी मानसिकता से बाहर नहीं निकली है। उन्होंने कहा कि देश में बहुत से नेता हैं जो विचारों के आधार पर पार्टियां बदलते हैं। लेकिन किसी भी नेता के लिए राहुल गांधी ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग नहीं किया। कांग्रेस नेता ने जानबूझकर पूरे सिख समाज को अपमानित करने के लिए एक सिख नेता का अपमान किया है।

विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग सम्मिलित हुए, जिनमें प्रमुख रूप से सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा, सरदार दिलप्रीत सिंह (डीपी), सरदार लखविंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार जसकरण सिंह, रविंदर पाल सिंह, रणवीर सिंह कलसी, सरदार हरप्रीत सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, तेजपाल सिंह बग्गा, हरीश कोहली, गुरप्रीत सिंह चड्ढा और हरप्रीत सिंह प्रिंस शामिल रहे।

राहुल गांधी के बयान से सिख समाज आहत, कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन : अजीत सिंह छाबड़ा

कानपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश सिख फाउंडेशन के अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि, सिख समाज लगातार कांग्रेस और गांधी परिवार के बयानों से आहत होता रहा है। राहुल गांधी का यह बयान न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि का अपमान है बल्कि पूरे सिख समाज को ठेस पहुंचाने वाला है। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश सिख फाउंडेशन के अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा ने कही।

संसद भवन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा रेल राज्य मंत्री एवं सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार मित्र कहे जाने के बयान के विरोध में उत्तर प्रदेश सिख फाउंडेशन ने कड़ा ऐतराज जताया। कानपुर के गोविंद नगर स्थित बाटा चौराहा पर बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग एकत्र हुए और राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया।

अजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि राहुल गांधी के पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर भी सिख विरोधी दंगों के गंभीर आरोप रहे हैं और कांग्रेस पार्टी समय-समय पर सिख समाज का अपमान करती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब सिख समाज ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बयान पर सार्वजनिक माफी की मांग की। सिख फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि यदि राहुल गांधी अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो आगे भी इसी तरह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here