Site icon Wah! Bharat

एपस्टीन के अपराधों से कोई सरोकार नहीं, राहुल के आरोप निराधारः हरदीपपुरी

नई दिल्ली, 11 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अमेरिकी अरबपति जेफ्री एपस्टीन से अपना नाम जोड़े जाने पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया है। पुरी ने कहा कि एपस्टीन के अपराधों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। राहुल गांधी के आरोप बेबुनियाद हैं।

केंद्रीय मंत्री पुरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में कहा कि राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि एपस्टीन फाइल्स गलत कामों और आपराधिक मामलों से संबंधित है। एपस्टीन फाइल्स में आरोप हैं कि जेफ्री के पास एक द्वीप था जहां वे लोगों को उनकी यौन कल्पनाओं को पूरा करने के लिए ले जाते थे, उन पर बाल यौन शोषण के आरोप हैं। उन पीड़ितों ने अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज कराए हैं जिनका उनकी मुलाकात से कोई संबंध नहीं है।

मुलाकात को लेकर पुरी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने एपस्टीन से मुलाकात की थी, लेकिन यह मुलाकात अंतरराष्ट्रीय पीस इंस्टिट्यूट के एक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहते हुए हुई थी। पुरी ने कहा, ”साल 2009 में जब वे अमेरिका में राजदूत थे तब ये मुलाकात हुई। यह सारी जानकारी सार्वजनिक तौर पर मौजूद है। सार्वजनिक रूप से एपस्टीन फाइल के 30 लाख ई-मेल हैं।”

उन्होंने कहा कि मई 2009 से आठ वर्षों तक वे न्यूयॉर्क में रहे, जब वे संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत के रूप में रहे। वर्ष 2017 में मंत्री बनाए गए। इन आठ वर्षों के दौरान संभवतः तीन या चार बैठकों का उल्लेख है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत पद से सेवानिवृत्त होने के कुछ महीने बाद उन्हें इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (आईपीआई) से जुड़ने का निमंत्रण मिला था। औपचारिक रूप से आईपीआई या आईसीएम का हिस्सा नहीं था। उन्होंने बताया कि आईपीआई के प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में कुछ अवसरों पर एपस्टीन से मिला। आईसीएम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर काम कर रहा था और एपस्टीन उसका हिस्सा नहीं थे।

पुरी ने कहा कि राहुल गांधी को बेबुनियाद आरोप लगाने की आदत है। एपस्टीन के संपर्क के एक शख्स ने हमारी मुलाकात लिंक्डइन के संस्थापक रीड हॉफमैन से अमेरिका के वेस्ट कोस्ट में करवाई थी। किसी ने कहा कि वे भारत को देखना चाहते हैं। मैंने अपने ईमेल में कहा था कि आज भारत एक शानदार अवसर प्रस्तुत करता है और रीड हॉफमैन को भारत आकर आने वाले बदलावों को देखना चाहिए।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पुरी ने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को 10वे पायदान से चौथे पायदान पर लाया और एक दूसरे नेता हैं जो कभी कभार देश में आते हैं। संसद में अपनी बात करते हैं और भाग जाते हैं। ये वही नेता है जो मनमोहन सिंह की सरकार के समय अध्यादेश को फाड़ देते हैं। ये वही नेता हैं जो एकबार बता रहे थे कि एक ब्राजीलियन मॉडल ने 21 जगह वोट बना लिया। ये नेता कहते हैं कि हमारी इकॉनमी डेड इकॉनमी है।

Exit mobile version