
देवघर, 12 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में गुरूवार को अवैध बालू खनन और ढुलाई की रोकथाम को लेकर समाहरणालय में बैठक की गई।
बैठक में उपायुक्त ने रात्रि में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिया। उन्होंने अवैध खनन में संलिप्त वाहनों को जब्त कर वाहन मालिकों पर एफआईआर दर्ज करने को कहा। इसके साथ ही उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र के प्रवेश स्थलों पर रात्रि में चार चेक पोस्ट निर्माण और वहां सीसीटीवी कैमरा का निर्देश दिया। उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पंचायत स्तर पर अवैध बालू उठाव में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध स्टॉक और फर्जी चालान पर भी कार्रवाई के निर्देश दिया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक ने चिन्हित बालू माफियाओं पर ऑन-द-स्पॉट वाहन जब्ती और कठोर कार्रवाई करने और सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, एसडीओ रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
