अमेरिका के भारतीय नक्शे से जुड़ा पोस्ट हटाने पर कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब

0
4

नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) कार्यालय द्वारा 7 फरवरी को किए गए उस सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और चीन के कब्जे वाले अक्साई चिन समेत पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत के हिस्से के रूप में दिखाया गया था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का एक वीडियो साझा कर कहा कि पाकिस्तान ने इस पोस्ट को हटवाने का श्रेय लिया है। इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक कोई बयान क्यों नहीं आया?

खेड़ा ने कहा, “मैंने पहले भी पूछा है और फिर पूछ रहा हूं कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आखिर करते क्या हैं? क्या उनका काम सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भाषण देना है या भारत के हितों के लिए ठोस काम करना भी है?”

अमेरिका द्वारा जारी किया गया नक्शा भारत के आधिकारिक नक्शे से मेल खाता था और उसमें पीओके एवं अक्साई चिन को विवादित क्षेत्र के रूप में दिखाने की पुरानी अमेरिकी परंपरा से अलग रुख अपनाया गया था। यह ग्राफिक भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा का हिस्सा था, जिसमें भारत द्वारा अमेरिकी निर्यात पर टैरिफ में कमी को दर्शाया गया था। हालांकि कुछ दिन के बाद उस पोस्ट को हटा दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि पीओके विवाद भारत और पाकिस्तान के बीच 1947 से चला आ रहा है। विभाजन के समय जम्मू-कश्मीर एक रियासत थी, जिसके महाराजा हरि सिंह ने पाकिस्तान के हमले के बाद इसका भारत में विलय का निर्णय लिया। इस दौरान पाकिस्तान ने पश्चिमी और उत्तरी हिस्से पर कब्जा कर लिया, जिसे आज पीओके कहा जाता है। पाकिस्तान इसे “आजाद कश्मीर” कहता है और वहां अपनी तरह की सरकार चलाता है। अक्साई चिन क्षेत्र लद्दाख के उत्तर-पूर्व में स्थित है। चीन ने 1950 के दशक में यहां सड़क निर्माण कर कब्जा जमा लिया था। साल 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद चीन ने लगभग 38,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखा। भारत इसे लद्दाख का हिस्सा मानता है।

————-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here