Site icon Wah! Bharat

सहारनपुर में डायमंड ज्वैलरी शोरूम में कराेड़ाें की चोरी

सहारनपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर में सदर थाना बाजार क्षेत्र स्थित एक ज्वैलरी शाेरूम में चाेराें ने निशाना बनाते हुए 2 लाख रुपये कैश और करोड़ों रुपये के गहने चुराकर भाग गए। खास बात यह है कि यह शाेरुम से कूछ ही दूरी पर डीआईजी और डीएम ऑफिस बना है। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी हाेने पर पुलिस के तमाम अधिकारियाें ने माैके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि, कोतवाली सदर बाजार अन्तर्गत दिल्ली रोड पर ‘कैरट लेन’ डायमंड शोरूम है। इमारत में छत पर जाने के लिए सीढ़ियां बाहर से ही हैं। इसकी दीवार शोरूम से लगी है। शोरूम में सात कर्मचारियों के अलावा दाे सिक्योरिटी गार्ड और एक हाउस कीपिंग स्टाॅफ काम करता है। रात के वक्त यहां कोई नहीं रहता। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि चोर बगल में बने होटल की छत से शोरूम की छत पर आए। सीढ़ियों का दरवाजा तोड़ा और नीचे उतरे। शोरूम से लगी दीवार में एक फीट का छेद किया और अंदर दाखिल हुए। इस दौरान कोई सिक्योरिटी अलार्म भी नहीं बजा। चोरों ने आलमारियों पर लगे कांच के दरवाजे खोलकर हीरे व आभूषण समेटे और फरार हो गए। हैरानी की बात है कि शोरूम की तीन आलमारियों में हीरे के छह नेकलेस थे, लेकिन चोर सिर्फ दाे आलमारियों से चार नेकलेस ही ले गए। तीसरी अलमारी को हाथ तक नहीं लगाया। पुलिस को शक है कि चोर सब कुछ उड़ा ले जाने के इरादे से ही घुसे होंगे, लेकिन किसी की आहट से डरकर भाग निकले।

घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब एक शख्स विशांत ने सीढ़ी का दरवाजा खोला। उसकी सेनेटरी की दुकान है। वह अपना सामान सीढ़ियों पर रखता था। उसने सुबह 7 बजे शोरूम के कर्मचारियों को दीवार टूटी होने की बात बताई। आनन-फानन में स्टाॅफ पहुंचा। शोरूम का शटर उठाया और जब अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए।

शोरूम मैनेजर आशीष रावत ने कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को चोरी की सूचना दी। एसपी सिटी व्योम बिंदल, एएसपी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। खास बात यह है कि शोरूम के ठीक पास में ही डीआईजी ऑफिस होने की वजह से इलाके में हर समय पुलिस की मौजूदगी रहती है। ऐसे में वारदात से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। शोरूम और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

 #उत्तरप्रदेश #सहारनपुर #ज्वैलरी_ शाेरूम .करोड़ों .की .चोरीे

Exit mobile version