Site icon Wah! Bharat

श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर मथुरा से श्री काशी विश्वनाथ महादेव को भेंट स्वरूप समर्पित उपहार रवाना

—महाशिवरात्रि पर देश के 18 मंदिरों से काशीपुराधिपति के विवाहोत्सव में आया प्रसाद स्वरूप उपहार

वाराणसी, 08 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व पर काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के विवाहोत्सव के लिए भेंट स्वरूप समर्पित उपहार रविवार को श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर, मथुरा से समारोहपूर्वक काशी के लिए रवाना हो गया। श्री कृष्ण जन्मस्थली से आ रहा उपहार देर रात श्री काशी विश्वनाथ धाम में पहुंच जाएगा। यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से दी गई।

बताया गया कि महाशिवरात्रि पर श्री कृष्ण जन्मस्थली, मथुरा, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, जम्मू, तमिलनाडु राज्य के अनेक प्रतिष्ठित मंदिरों चिदंबरम मंदिर, मदुरई मीनाक्षी अम्मन मंदिर, द्रौपदी अम्मन मंदिर, थिरुकंडेश्वरम मंदिर, सबनायांगर मंदिर, पेरिया नयागी अम्मन मंदिर, संगारी काली अम्मन मंदिर, वेदा अघोरपुरेश्वर मंदिर, कुमारगुरु परमेश्वर मंदिर, श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई सहित अब तक कुल 18 मंदिरों से भगवान श्री विश्वनाथ के लिए आदर एवं श्रद्धा स्वरूप उपहार प्राप्त हो रहे हैं। महाशिवरात्रि पर्व पर देशभर के मंदिरों की सहभागिता से सनातन एकता का सशक्त संदेश मिल रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा आरंभ किए गए नवाचार में इस वर्ष देशभर के प्रमुख मंदिरों की सक्रिय सहभागिता प्राप्त हो रही है। यह नवाचार भगवान श्री विश्वनाथ के प्रति अखिल भारतीय श्रद्धा, समर्पण एवं सनातन एकता का जीवंत प्रतीक बनकर उभर रहा है। इस क्रम में श्री कृष्ण जन्मस्थली, मथुरा से महाशिवरात्रि पर्व के लिए भगवान श्री काशी विश्वनाथ महादेव के लिए अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ उपहार सामग्री प्रेषित की गई है।

उपहार सामग्री रविवार देर रात्रि तक काशी धाम में प्राप्त होगी। सोमवार को प्रातः विधिवत एवं सत्कारपूर्वक अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। मंदिर न्यास की यह कामना है कि सनातन धर्म से जुड़े सभी देवी-देवताओं के मध्य इस प्रकार का भावनात्मक एवं सांस्कृतिक साम्य निरंतर बना रहे, जिससे सनातन संस्कृति की एकता, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बल मिले। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नवाचारों के लिए निरंतर संकल्पित है।

Exit mobile version