संदीप पाठक ने कहा- दिल्ली से हर दिन गायब हो रहे हैं 17 बच्चे

नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
आम आदमी पार्टी के सांसद संदीप कुमार पाठक ने गुुरुवार को राज्य सभा में दिल्ली में बच्चों के अपहरण और लापता होने के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर चिंता जताई। शून्य काल के दौरान उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर दिलाते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली में हर दिन 17 बच्चे गायब हो रहे हैं। सांसद पाठक ने बताया कि दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में करीब 6,000 बच्चों का अपहरण हुआ है। उन्होंने कहा कि यह संख्या केवल एक साल की है, जबकि हर साल औसतन 6,000 से 7,000 बच्चे दिल्ली में लापता हो जाते हैं।
उन्होंने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि दिल्ली में हर आठ मिनट में एक बच्चा लापता हो रहा है, जो किसी भी संवेदनशील समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।
सांसद पाठक ने सवाल उठाया कि इतने बड़े पैमाने पर बच्चों के गायब होने के बावजूद केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां ठोस कदम क्यों नहीं उठा पा रही हैं।
आम आदमी पार्टी के सांसद ने सरकार से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा के लिए मजबूत कानून, प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित जांच प्रणाली लागू की जाए, ताकि अपहरण और मानव तस्करी जैसे अपराधों पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन गायब हुए बच्चों में 72 फीसदी से अधिक संख्या लड़कियों की है। उन्होंने कहा कि दूसरे बड़े शहरों के मुकाबले दिल्ली में लापता बच्चों की संख्या अधिक है। आआपा सांसद ने बड़े शहरों से इसकी तुलना करते हुए कहा कि मुंबई, बंगलुरु, कोलकाता के मुकाबले दिल्ली में मिसिंग बच्चों की संख्या अधिक है। गायब हुए बच्चों में 40-50 प्रतिशत बच्चे 14 साल से कम उम्र के हैं।
