मथुरा: सामूहिक आत्महत्या केस में पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी, मौत से पहले बनाया वीडियो

0
12

मथुरा, 10 फरवरी(हि.स.)। जिले के थाना महावन के खप्परपुर में हुआ सामूहिक आत्महत्या केस में मंगलवार शाम नया मोड़ उस समय आ गया, जब पुलिस ने तंत्र-मंत्र की वजह से आत्महत्या करने के साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिए। हालांकि पुलिस अभी तक कुछ भी स्पष्ट बयान नहीं दे रही है।

महावन के खप्परपुर गांव में मंगलवार को तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोगों के संदिग्ध हालत में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या मान रही है हालांकि हत्या और तंत्र विद्या के बिंदु पर जांच जारी है। मृतकों में पति, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। बेड पर मां, एक बेटी और एक बेटा मिले, जबकि दूसरी बेटी चारपाई पर थी। वहीं पति फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस को मौके पर खून भी मिला है। पुलिस ने मृतक पति मनीष के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद किया है, इसमें मनीष कह रहे हैं कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। यह भी कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी, उसका पैसा भी उन्हें मिल गया है। प्रथम दृष्टया पत्नी के सिर पर किसी वस्तु से मनीष ने प्रहार किया, फिर तीन बच्चों का गला दबाया, उनकी मृत्यु के बाद खुद को करंट लगा लिया। घटनास्थल पर मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पहुंचे। डीएम ने बताया कि वीडियो में भी मनीष ने आत्महत्या की बात कही है। आत्महत्या है या फिर कोई और कारण यह भी पता किया जा रहा है।

थाना महावन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में रहने वाले 35 वर्षीय मनीष खेती करते थे। मंगलवार सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि मनीष, उनकी पत्नी सीमा(32), बेटी हनी(5), प्रियांशी (4) और बेटा पंकज (2) के शव सुबह घर के अंदर पड़े मिले हैं। सुसाइड नोट मिला है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मनीष की शादी आठ साल पहले मड़नई सादाबाद से हुई थी। उसके दो भाई और हैं, जो गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इस मकान में रहता था।

इस परिवार के आत्महत्या के पीछे की आखिर वजह क्या रही,ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here