Site icon Wah! Bharat

प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में उद्योग जगत के शीर्ष लोगों के साथ की बैठक

नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मलेशिया में प्रमुख उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ बैठक कर भारत–मलेशिया के बीच व्यापार और निवेश सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री ने मलेशिया की चार अग्रणी कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधियों से संवाद किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री ने पेट्रोनेस के अध्यक्ष एवं समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी तन श्री तेंगकु मुहम्मद तौफिक, बरजाया कॉरपोरेशन बरहाद के संस्थापक तन श्री दातो’ सेरी विन्सेंट तन ची यून, खजाना नेशनल बरहाद के प्रबंध निदेशक दातो’ अमीरुल फैसल वान जाहिर तथा फिसन इलेक्ट्रॉनिक्स के संस्थापक दातो पुआ खेन सेंगे से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते बी2बी संपर्कों और भारतीय विकास गाथा में मलेशियाई कंपनियों की गहरी रुचि की सराहना की। उन्होंने भारत में हाल के वर्षों में किए गए सुधारों और पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कदमों से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा मिला है और एक स्थिर, प्रभावी व पूर्वानुमेय कारोबारी तथा नीतिगत वातावरण तैयार हुआ है।

प्रधानमंत्री ने मलेशियाई उद्योग जगत को भारत में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया, विशेषकर अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में। इस संदर्भ में उन्होंने 07 फरवरी 2026 को कुआलालंपुर में आयोजित 10वें भारत–मलेशिया सीईओ फोरम की बैठक की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इसके विचार-विमर्श से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंध और गहरे होंगे।

बैठक के दौरान उद्योग जगत के नेताओं ने विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में भारत सरकार द्वारा किए गए सुधारों की सराहना की और भारत की विकास यात्रा पर मजबूत विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने भारत में अपने निवेश पोर्टफोलियो के विस्तार और भारतीय कंपनियों के साथ संयुक्त उपक्रमों की संभावनाओं को लेकर गहरी रुचि भी जताई।

Exit mobile version