परीक्षा केंद्र प्रभारी से मारपीट के आरोप में प्रधानाध्यापक समेत आठ निलंबित

0
23

कोलकाता, 06 फरवरी (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर ब्लॉक स्थित अज्हापुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक सहित आठ शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई माध्यमिक परीक्षा केंद्र के प्रभारी अधिकारी के साथ कथित मारपीट के मामले में की गई है। विवाद परीक्षा केंद्र के भीतर एक मोबाइल फोन पाए जाने को लेकर हुआ था।

घटना उस समय सामने आई जब एक गैर-शिक्षण कर्मचारी परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल फोन लेकर पाया गया। मोबाइल की घंटी बजने पर केंद्र प्रभारी प्रशांत कविराज जो जमालपुर पूर्व सर्कल के स्कूल उपनिरीक्षक भी हैं, की नजर उस पर पड़ी। आरोप है कि जब कविराज ने मोबाइल जब्त करने और नियम उल्लंघन की रिपोर्ट करने की कोशिश की, तो कुछ शिक्षकों के साथ उनकी बहस हो गई।

जमालपुर थाने में दर्ज लिखित शिकायत के अनुसार, बहस ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और कविराज पर कथित रूप से शारीरिक हमला किया गया। इसमें उनकी दाहिनी आंख में चोट आई।

बोर्ड सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज बहस तक ही उपलब्ध है, लेकिन कथित मारपीट के समय कैमरे बंद पाए गए। इस दौरान लगभग 11 मिनट की रिकॉर्डिंग गायब है। घटना कथित तौर पर प्रधानाध्यापक असीम कुमार विश्वास के कक्ष में हुई, जो परीक्षा स्थल के पर्यवेक्षक भी हैं। उपलब्ध फुटेज के आधार पर छह शिक्षक और एक ग्रुप डी कर्मचारी की पहचान की गई है। सभी आठ लोगों को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है।

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रामानुज गांगुली ने कहा, “प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है। पूरी रिपोर्ट का इंतजार है। घटना की गंभीरता और अनुशासन से जुड़े सवालों को देखते हुए प्रधानाध्यापक से लेकर सभी संबंधित लोगों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।” उन्होंने बताया कि बोर्ड के अधिकारी केंद्र का दौरा करेंगे और छह फरवरी से आगे की परीक्षाएं सुचारु रूप से कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के भीतर केवल केंद्र सचिव, केंद्र प्रभारी और स्थल पर्यवेक्षक को ही मोबाइल फोन रखने की अनुमति है।

इस बीच, मंगलवार को दूसरी भाषा की परीक्षा के दौरान पांच परीक्षार्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए। इनमें से चार अंतिम 15 मिनट में और एक अंतिम आधे घंटे के भीतर पकड़ा गया। सभी पांचों की इस वर्ष की परीक्षा रद्द कर दी गई। ये मामले पश्चिम बर्दवान, उत्तर 24 परगना, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और उत्तर कोलकाता के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से सामने आए हैं।

वहीं, पूर्व मेदिनीपुर के स्वर्णमयी गर्ल्स हाई स्कूल में दो छात्राओं ने परीक्षा शुरू होने से पहले अनाउंसमेंट के बाद निर्धारित 10 मिनट की अवधि में अपने मोबाइल फोन जमा करा दिए। इस कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here