Site icon Wah! Bharat

पटुयाखाली-3 से नुरुल हक की जीत के बाद अल्पसंख्यकों पर हमले ,तनाव

कोलकाता, 15 फरवरी (हि.स.)। बांग्लादेश के पटुयाखाली-3 संसदीय क्षेत्र में नव-निर्वाचित सांसद नुरुल हक नूर के समर्थकों पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे हैं। यह घटनाएं गालाचिपा और दशमिना उपजिलाओं में सामने आई हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में कई स्थानों पर सनातन धर्मावलंबी परिवारों को निशाना बनाया गया है।

नुरुल हक नूर, जो गणअधिकार परिषद के अध्यक्ष हैं, तेरहवें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में बीएनपी गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में पटुयाखाली-3 सीट से निर्वाचित हुए हैं।

पीड़ित परिवारों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात गालाचिपा उपजिला के चर काजल क्षेत्र में अल्पसंख्यक व्यवसायी नकुल मंडल पर कथित रूप से नूर के समर्थकों ने हमला किया। इसके कुछ समय बाद दशमिना उपजिला के डाकुआर सात नंबर वार्ड में श्यापाल बाला (35) पर भी हमला कर घायल कर दिया गया, जिन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसके अतिरिक्त, उलानिया बंदर क्षेत्र में वरिष्ठ पूर्व शिक्षक हीरन लाल शील को उनके घर में घेरकर रखने की भी शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके घर के आसपास डटे हुए थे।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लगातार हमलों और धमकियों के कारण क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबी परिवारों में भय का माहौल है। महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा कई लोग घर से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पटुयाखाली-4 क्षेत्र के चर विश्वास, चर अगुस्टी, होगलबुनिया, चिकनिकांदी और बकुलबाड़िया सहित कई इलाकों में भी अल्पसंख्यक परिवारों और बीएनपी कार्यकर्ताओं को धमकियां मिलने की बात सामने आई है। कुछ क्षेत्रों में दुकानें बंद हैं और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

इस संबंध में नुरुल हक नूर का पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

गालाचिपा उपजिला के कार्यकारी अधिकारी महमूद हसन ने बताया कि शिकायतों की जांच की जा रही है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था बलों से त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी को बांग्लादेश में हुए तेरहवें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में नुरुल हक नूर पটুयाखाली-3 सीट से सांसद निर्वाचित हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीएनपी के पूर्व केंद्रीय कार्यकारी समिति सदस्य हसन मामून थे।

Exit mobile version